शहर के बाहरी क्षेत्र में लगाए नाका पर वाहन की जांच करते पुलिस कर्मचारी। संवाद
::::::::::::::::::::::::::::::::
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा बोले: कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला में सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम, सभी चौकी व थाना प्रभारी कराएंगे 24 घंटे गश्त
:::::::::::
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। 11 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। इसके मद्देनजर जिला पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए जिले में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों, नाकों और शिविर स्थलों पर पुलिस तैनात रहेगी।
एसपी ने बताया कि यात्रा मार्गों पर चलने वालों के लिए अलग लेन सुनिश्चित की गई है। यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही राइडर और पीसीआर को भी लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने बताया कि सभी थाना प्रबंधकों व पुलिस चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में 24 घंटे गश्त करने और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए सभी चौक-चौराहों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि कांवड़ मार्गों पर आने वाले सभी होटलों व ढाबों में खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दर सूची स्पष्ट स्थान पर प्रदर्शित की जाए। ताकि, होटल या ढाबा मालिकों की ओर से ली जाने वाली दरों पर किसी भी तरह के विवाद से बचा जा सके। शिविरों को मुख्य सड़कों से दूर लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। कांवड़ियों और टोल कर्मचारियों के बीच किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए सभी टोल नाकों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
- कांवड़ियों के लिए जारी की गईं ये हिदायतें
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के समय कुछ कांवड़िए तेज आवाज में संगीत बजाने के लिए डीजे का उपयोग करते हैं। तेज आवाज में संगीत बजाने से अन्य कांवड़ियों व जनता को परेशानी होती है। ऐसे में सभी ध्वनि के स्तर को ध्यान में रखकर ही बजाएं। कांवड़ यात्रा में एलपीजी सिलिंडर व धारदार हथियार ले जाने की अनुमति नहीं है। कांवड़ यात्री सायलेंसर रहित मोटरसाइकिल का उपयोग न करें।
- धार्मिक स्थलों पर रहेंगे सुरक्षा के कड़े प्रबंध
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ियों के भेष में कोई असामाजिक तत्व नहीं घुसेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना निकटतम पुलिस चौकी या 112 हेल्पलाइन नंबर पर दी जा सकती है।