चरखी दादरी। शहर में शनिवार रात से रविवार दोपहर बाद तक हुई बारिश से बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। रेलवे रोड स्थित 132 केवीए पावर सब स्टेशन परिसर के अंदर तक पानी पहुंच गया और हब ट्रांसफार्मर का चबूतरा भी पानी में डूब गया। इसके कारण 6 फीडरों की बिजली आपूर्ति 12 से 15 घंटे तक प्रभावित रही। तीन फीडरों की बिजली आपूर्ति तो शाम 6 बजे तक भी बहाल नहीं हो पाई। घरों के अंदर बिजली गुल रहने और बाहर पानी भरा रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दरअसल, शनिवार रात दो बजे बारिश शुरू होते ही धड़ाधड़ बिजली लाइनों में फाॅल्ट आने शुरू हो गए। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो 400 से अधिक छोटे-बड़े फॉल्ट आए और इनके चलते करीब 20 से अधिक फीडर प्रभावित रहे। गांवों में जहां रविवार सुबह करीब 10 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई तो शहरी फीडरों पर दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। निगम अधिकारियों के अनुसार बारिश जारी रहने के चलते कई फीडरों के फॉल्ट ठीक नहीं किए जा सके और इसके चलते वहां की बिजली आपूर्ति बहाल करने में समय लगा।
शहर की बात करें तो दादरी सिटी, दादरी अर्बन, बस स्टैंड रोड और घिकाड़ा रोड फीडर में सबसे अधिक फॉल्ट आए। वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में आए फॉल्ट को दुरुस्त करने के लिए निगम अधिकारियों ने 200 से अधिक कर्मचारियों को फील्ड में उतारा। बावजूद इसके तीन फीडरों की बिजली आपूर्ति शाम छह बजे तक बहाल नहीं हो पाई। निगम अधिकारियों के अनुसार पावर सब स्टेशन परिसर में पानी भरने और फीडरों में फॉल्ट आने के चलते घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अधिकारियों के शाम तक घनघनाते रहे फोन
बिजली निगम अधिकारियों के फोन शनिवार रात घनघनाने शुरू हुए और रविवार शाम को बिजली आपूर्ति बहाल होने तक ये स्थिति रही। अकेले शहर की बात करें तो 300 से अधिक शिकायतें निगम के पास आईं। 75 प्रतिशत शिकायतों का निवारण रविवार दोपहर तक और 25 प्रतिशत का निवारण शाम तक किया गया। वहीं, घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
132 केवीए पावर सब स्टेशन परिसर में पानी भर गया और यहां ये संचालित फीडर प्रभावित रहे। बारिश रुकते ही टीमें फॉल्ट को दुरुस्त करने में जुट गईं। करीब 6 फीडर प्रभावित रहे और रविवार शाम तक इन फीडर में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।
सुदीप फौगाट, एसडीओ, बिजली निगम