चरखी दादरी। दादरी नागरिक अस्पताल में लंबे समय तक बिजली गुल होना आम बात हो गई है। बुधवार को भी ऐसी ही स्थिति सामने आई जब 96 मिनट तक यहां की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे तमाम स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गईं और करीब 300 मरीजों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। वहीं, डेढ़ घंटे बाद अधिकारियों को जेनरेटर की याद आई और डीजल डालकर उसे चालू कराया गया।
समस्या यहीं नहीं थमी, इसके बाद 30 मिनट तक सर्वर भी नहीं चला। उपचार के लिए आए मरीज सोनू, दीपेंद्र, मुन्नी, प्रकाश, राधेश्याम, विनित और जगदीश आदि का कहना है कि डेढ़ घंटे तक बिजली गुल रही और विभागीय अधिकारियों ने इस स्थिति में भी तत्काल जेनरेटर चालू नहीं कराया करीब डेढ़ घंटे बाद ही जेनरेटर चालू कराया गया और तक तक काफी मरीज बिना उपचार करवाए ही अपने घर लौट गए।
दअरसल, बुधवार को सुबह 11.40 बजे लाइट गुल हुई और इसके साथ ही ओपीडी काउंटर, प्रयोगशाला और चिकित्सक कक्ष में रखे कंप्यूटर व मशीनें बंद हो गईं। हालात ऐसे बने कि मरीजों की ओपीडी की पर्ची तक नहीं कट पाई। वहीं, एक्स-रे के अलावा अन्य बीमारियों का उपचार करवाने आए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
मरीजों के आक्रोश को देखते हुए अस्पताल के अधिकारियों ने आनन-फानन में डीजल मंगवाकर दोपहर 1:17 बजे जेनरेटर को चलवाया। जेनरेटर के चालू होने के बाद भी मरीजों की समस्या कम नहीं हुई और सर्वर धीमा चलने से उन्हें 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।
हॉटलाइन कनेक्शन और जेनरेटर होने पर भी बनी समस्या
नागरिक अस्पताल हॉटलाइन से जुड़ा हुआ है, जबकि यहां जेनरेटर सुविधा भी है। इसके बावजूद आए दूसरे दिन यहां बिजली कट लगते हैं। उस दौरान यहां न तो हॉटलाइन का फायदा नजर आता है और न ही जेनरेटर का। मरीज राजेश कुमार, संदीप कुमार, राजेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार व संजय का कहना है कि गर्मी को देखते हुए विभाग को समस्या का स्थाई समाधान कराना चाहिए।
कोई मेडिकल तो कोई नहीं करवा पाया स्वास्थ्य जांच
ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए मेडिकल करवाना है और पिछले करीब 75 मिनट से कतार में खड़ा हूं। बिजली न होने के चलते ओपीडी पर्ची तक नहीं कट पाई है। विभाग को समस्या का समाधान करवाकर मरीजों को राहत देनी चाहिए।
- मनजीत कुमार, सारंगपुर
लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद अस्पताल में आंखों का टेस्ट करवाने आया हूं। पिछले करीब एक घंटे से ओपीडी काउंटर के सामने लगी कतार में खड़ा हूं और कर्मचारी बिजली आने के बाद ही ओपीडी पर्ची काटने की बात कह रहा है।
- विनोद कुमार, खूबी की ढाणी
वर्जन :
जेनरेटर में तकनीकी खराबी आने के कारण चलाने में देरी हो गई थी। इसे ठीक करवाकर चालू कर दिया। मरीजों को अब परेशानी नहीं आएगी।
- डॉ. राहुल, प्रवक्ता, नागरिक अस्पताल