पूर्व मंत्री व जजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतपाल सांगवान भी किसानों के समर्थन में आ गए हैं। पूर्व मंत्री ने जहां केंद्र सरकार से किसानों की मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की तो वहीं पार्टी हाईकमान से भी किसानों की मांगों को समाधान करवाने व उनका समर्थन करने की बात कही है।
सांगवान ने कहा कि सर्द रातों में किसान अपनी जायज मांगों को लेकर सड़कों पर बैठे हैं। ऐसे में लिखित एमएसपी की गारंटी देकर किसानों को घर भिजवाएं। पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान पिछले काफी दिनों से बीमार थे और अपना इलाज करवाकर रविवार को ही घर लौटे। अपने दादरी निवास पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। मीटिंग में उन्होंने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया और उनकी मांगों को केंद्र सरकार से पूरी करने की मांग की। सांगवान ने कहा कि मैं स्वयं किसान हूं और किसान के समक्ष कैसी परेशानियां आती हैं, उनको नजदीक से देखा है। इस समय किसान अपनी जायज मांगों को लेकर परिवार सहित सड़कों पर बैठे हैं। उनकी भावना के खिलाफ कानून बनाए रखना बहुत बड़ी बेवकूफी होगी। क्योंकि किसानों की बदौलत की सरकारें बनी हैं और किसान का समर्थन ही नहीं रहेगा तो इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।