डीएसपी धीरज कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को लघु सचिवालय में आयोजित की गई प्रशिक्षण कार्यशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। लघु सचिवालय में डीएसपी धीरज कुमार की अगुवाई में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों समेत अर्धसैनिक बल के जवानों को चुनावी ड्यूटी का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कर्मचारियों को मतदान के दिन से पहले, मतदान के दिन और मतदान होने के बाद की ड्यूटी को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पीएसआई विजय ने बूथ ड्यूटी, सुरक्षा कर्तव्य व जिम्मेदारी के बारे में बताया और पुलिसकर्मियों को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के दंडात्मक प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी। डीएसपी धीरज कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए ड्यूटी निष्पक्ष करें। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से पर्यवेक्षक से लेकर बूथ स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं, ऐसे में सभी जवान उनसे तालमेल रखें।
डीएसपी ने कहा कि बूथ सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी का कर्तव्य है कि वह पोलिंग पार्टी के पीठासीन अधिकारी के आदेशों की पालना करें और सेक्टर, जोनल व अन्य उच्च अधिकारीगणों के नंबर अपने पास रखें। बूथ व उसके 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। इस मौके पर एसएसबी डीएसपी चेतराम भी मौजूद रहे।
- इन्हें मतदान बूथ में आने की अनुमति
डीएसपी ने पुलिस कर्मचारियों को बताया कि मतदाता, उम्मीदवार, पोलिंग एजेंट, चुनाव एजेंट, पर्यवेक्षक, अधिकृत मीडिया कर्मी को पोलिंग स्टेशन के अंदर आने की अनुमति है। किसी अनधिकृत व्यक्ति को पोलिंग बूथ के अंदर प्रवेश करने की मनाही है। पोलिंग बूथ के 200 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन, हथियार, प्रचार सामग्री, लाउडस्पीकर का प्रयोग करना मना है।
फोटो 47
लघु सचिवालय में पुलिस और अर्धसैनिक बल जवानों को चुनावी ड्यूटी की जानकारी देते डीएसपी धीरज कुमार। स्रोत : पुलिस विभाग