चरखी दादरी। लोकसभा चुनाव को लेकर जिला पुलिस अलर्ट है। शुक्रवार को एसपी पूजा वशिष्ठ के निर्देशानुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस टीमों की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसके जरिये नागरिकों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की गई। साथ ही पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सभी गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई पवन कुमार ने बताया कि दादरी शहर के अलावा गांवों में भी शुक्रवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम जवानों की टुकड़ी ने नागरिकों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से चुनाव प्रक्रिया में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
डीएसपी सुभाषचंद्र ने बताया कि 25 मई को प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तहत मतदान होना है। इसके चलते प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। जिले में लोकसभा चुनाव-2024 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष करवाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहर व विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि मतदाता पूरी निडरता के साथ अपने विवेक व स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। चाहे शहर हो या फिर देहात, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
- फ्लैग मार्च में ये पुलिस अधिकारी हुए शामिल
डीएसपी ने बताया कि थाना शहर दादरी प्रभारी रमेश सिंह, सदर थाना प्रभारी तेजपाल सोनी, यातायात थाना प्रभारी चंद्रशेखर की अगुवाई में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च रोहतक चौक, सरदार झाडू सिंह चौक, वाल्मीकि बस्ती, ढाणी फाटक, समसपुर, भागवी, सांतौर, सरुपगढ़, इमलोटा व मोरवाला गांव से होकर गुजरा।