चरखी दादरी। जिले के गांव छपार में वीरवार देर रात खेतों में बने एक मकान में घुसकर हथियारों के बल पर डकैती की वारदात में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हालांकि शनिवार शाम तक इस मामले में पुलिस के हाथ खाली रहे लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में एसपी अर्श वर्मा द्वारा एसआईटी का भी गठन किया जा चुका है।
गांव छपार निवासी रवि, उसके पिता राजकुमार व मां कृष्णा देवी वीरवार रात को अपने घर में सो रहे थे। देर रात को पांच नकाबपोश बदमाशों ने पहले बाहर के कमरे में सो रहे उसके पिता के सिर पर पिस्तौल तानकर उठाया और विरोध करने पर डंडे से सिर में हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर रवि व उसकी मां आए तो बदमाशों ने उन पर भी पिस्तौल तान दी और बाद में तीनों को बाथरूम में बंद कर दिया। इस दौरान बदमाश उनके घर से लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूट ले गए थे। देर रात करीब ढाई बजे सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
वर्सन :
इस वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सतबीर सिंह, प्रभारी, दादरी सदर पुलिस थाना।