चरखी दादरी। दादरी को नशामुक्त करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन का सर्च अभियान सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। नशा तस्करों के घरों और ठिकानों पर पुलिस टीमों ने दबिश देकर सघनता से जांच की। सभी थाना व टीम प्रभारियों ने अपनी निरीक्षण रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम ने नीमली गांव में जाकर संदिग्ध लोगों को तलाशा और अवैध शराब के ठिकानों पर भी छापा मारा। उधर, बौंदकलां पुलिस टीम ने रणकौली गांव में एक-एक कोने को बारीकी से खंगाला।
विज्ञापन
थाना सदर दादरी पुलिस टीम ने रावलधी गांव में नशा करने वालों और बेचने वालों के अड्डों की तलाशी ली। वहीं, झोझूकलां थाना पुलिस टीम ने गांव झोझूकलां में जबकि बाढड़ा थाना पुलिस टीम ने हुई गांव में सघनता से सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने लोगों से भी बात की और नशे में लिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिस प्रवक्ता हेड कांस्टेबल योगेश कुमार ने बताया कि हम समय-समय पर ऐसे अभियान चलाते रहते हैं। ताकि, नशा तस्करी को रोका जा सके। हमारी जिला पुलिस इस दिशा में लगातार मेहनत कर रही है। जो भी अपराधी पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।