चरखी दादरी/बाढड़ा/बौंदकलां।
पुलिस ने चार जगहों पर अवैध रूप से शराब बेच रहे चार व्यक्तियों को दबोचा है। चारों से देसी और अंग्रेजी शराब की 54 बोतलें बरामद की गई हैं। चारों के खिलाफ संबंधित पुलिस थाना में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान कांहड़ा निवासी सुनील, हिंडोल निवासी पवन, सरूपगढ़ निवासी राजेश व खेड़ी बूरा निवासी नागेश के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि बाढड़ा थाना टीम गश्त के दौरान कांहड़ा गांव के बस स्टैंड पर मुस्तैद थी और उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कांहड़ा निवासी सुनील देसी शराब की अवैध बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सुनील नामक व्यक्ति को 11 बोतल देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे केस में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिंडोल निवासी पवन अवैध बिक्री के लिए शराब लेकर अपने घर आ रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। पवन के पास से पुलिस ने देसी शराब की 12 और अंग्रेजी शराब की आठ बोतलें बरामद कीं। उसके खिलाफ बौंदकलां थाने में केस दर्ज किया गया।
तीसरे केस में सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि सरूपगढ़ निवासी राजेश दादरी-झज्जर रोड स्थित सरपंच ढाबा के समीप शराब की अवैध बिक्री कर रहा है। इस आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। उसके पास से पुलिस ने देसी शराब की 11 बोतलें बरामद की। आरोपी के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज हुआ है।
वहीं, चौथे मामले में सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि खेड़ी बूरा निवासी नागेश अवैध रूप से शराब की बिक्री करता है। वह फिलहाल गांव खेड़ी बूरा और भैरवी के बीच है। पुलिस ने वहां दबिश देकर नागेश को काबू कर लिया और तलाशी के दौरान उससे अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें बरामद की गईं।