रात को वाहनों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
चरखी दादरी। दादरी पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए 13-14 नवंबर की मध्यरात्रि समसपुर टी-प्वाइंट पर सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। रातभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने 118 छोटे-बड़े वाहनों की जांच की।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चार वाहनों के चालान काटे गए, जबकि एक वाहन को इंपाउंड किया गया।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी राकेश कुमार ने किया। उनके साथ पीएसआई विकास तंवर और 16 पुलिस जवानों की टीम तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने वहां से गुजरने वाले वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने 118 वाहनों को रुकवाकर उनके दस्तावेजों की जांच की।
साथ ही वाहनों की डिक्की और संदिग्ध सामान की भी तलाशी ली गई। नियमों की अवहेलना करने वाले चार वाहन चालकों के चालान किए गए और एक वाहन जब्त किया गया। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।