अंदर प्रवेश करने से पहले अभ्यर्थी की जांच करते हुए पुलिस जवान।
चरखी दादरी। 26 और 27 जुलाई को आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा में जिला पुलिस के प्रबंध पुख्ता रहे। दोनों दिन 17 में से किसी केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप या नकल का मामला सामने नहीं आया। परीक्षा केंद्रों के पास मुख्यमार्गाें पर जाम भी नहीं लगा। वहीं, दूसरे दिन की दूसरी पाली में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है।
सामान्य पात्रता परीक्षा के मद्देनजर जिला पुलिस मुस्तैद व सतर्क रही। परीक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा की ओर से 553 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा, 8 जगहों पर नाकेबंदी की गई। पुलिस विभाग की ओर से दो विशेष पेट्रोलिंग पार्टियां भी गठित की गईं, जो 17 परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखे रहीं।
इसके अलावा, सीआईए व स्पेशल स्टाफ की दो सर्विलांस पार्टियां बनाई गईं। वहीं, सदर और शहर थाना प्रभारी के नेतृत्व में भी दो टीमें गठित की गईं, जो स्थिति पर नजर रखे रहीं। दोनों दिन पुलिस ने करीब 12 घंटे परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी की। उनकी मुस्तैदी का परिणाम है कि किसी भी परीक्षा केंद्र में बाहरी हस्तक्षेप या अनुचित साधन के प्रयोग का मामला सामने नहीं आया।
एक सेंटर पर 16 जवान किए तैनात
एसपी अर्श वर्मा ने स्वयं परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई। एक परीक्षा केंद्र की सुरक्षा कमान में 13 पुलिस जवान तैनात किए गए जबकि 3 की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में ड्यूटी लगाई गई।
दादरी जिले में दो दिवसीय सामान्य पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पुलिस ने अपनी ड्यूटी बखूबी निभाई। आवश्यक जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया।
-अर्श वर्मा, एसपी, चरखी दादरी