हरियाणा में पुलिस की तरफ से अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन आक्रमण चलाया जा रहा है। दादरी पुलिस ने रविवार को ऑपरेशन आक्रमण चलाकर अलग-अलग मामलों में 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के निर्देशों पर 21 टीमों का गठन किया। टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध शराब बिक्री, चोरी और जुआरियों को अलग-अलग जगहों से गुप्ता सूचना के आधार पर काबू किया।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि 27 अक्तूबर को पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के मार्गदर्शन में ऑपरेशन आक्रमण चलाया गया। इसके लिए गठित की गईं 21 टीमों में 97 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को शामिल किया गया। इन टीमों ने एकसाथ दबिश देने शुरू की और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
प्रवक्ता ने बताया कि ऑपरेशन आक्रमण के तहत आबकारी अधिनियम के 3 मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तीनों से देसी शराब की 56 बोतलं बरामद की गईं। वहीं, जुआ अधिनियम के तहत 5 मामले दर्ज करते हुए आठ आरोपियों को काबू किया गया और उनसे 8430 रुपये बरामद हुए। इनके अलावा साइबर क्राइम और चोरी के 10 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
184 चालकों के किए चालान
ऑपरेशन आक्रमण के तहत जिला चरखी दादरी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 184 चालान किए। इनमें से 106 चालान गलत लेन में वाहन चलाने के रहे जबकि 78 चालान अन्य यातायात नियम तोड़ने पर किए गए।
जिला में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। समय-समय पर जिला पुलिस ऑपरेशन चलाकर अपराधियों पर कार्रवाई करती है। इस बार ऑपरेशन आक्रमण के तहत 21 पुलिस टीमों ने 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
-पूजा वशिष्ठ, एसपी, चरखी दादरी