चरखी दादरी/बाढड़ा। संरक्षित पशु के प्रतिबंधित मांस का सेवन करने के अंदेशे पर पश्चिम बंगाल निवासी साबिर मलिक को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं, इस हत्याकांड के बाद बाढड़ा थाना पुलिस अलर्ट हो गई और हंसावास खुर्द के समीप झुग्गियों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा में दो टीमें तैनात की गईं।
यह मामला बाढड़ा में सुर्खियां बन गया और इसके कुछ देर बाद ही कस्बे के जुई रोड पर रहने वाले दो युवकों की कुछ लोगों ने पिटाई कर डाली। जिन दो युवकों को पीटा गया उनमें साबिर मलिक भी शामिल था। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले लोग साबिर मलिक और उसके परिचित को बाइक पर बैठाकर अन्य जगह ले गए।
इसके बाद शाम को साबिर का शव भांडवा गांव के पास मिला। शव मिलने के बाद बाढड़ा थाना पुलिस हरकत में आई और इस हत्याकांड के तार संरक्षित पशु के मांस से जुड़ने के तथ्य सामने आते ही प्रवासी परिवारों की झुग्गियों के समीप पीसीआर और डायल 112 टीम तैनात कर दी। वहीं, मृतक साबिर मलिक के शव का पोस्टमार्टम दादरी सिविल अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया गया।
बता दें कि गांव हंसावास खुर्द के समीप झुग्गियों में रहने वाले प्रवासी लोगों के बर्तनों में कुछ युवकों को मंगलवार को मांस पका मिला था। उसी दौरान एक बर्तन में संरक्षित पशु का मांस पकाने की बात सामने आई थी। इसके बाद गोरक्षक दल के सदस्य और कुछ युवा मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस मौके पर मौजूद मिले छह प्रवासियों को अपने साथ थाने ले गई थी।
वहीं बुधवार दोपहर तक करीब 70 पुलिसकर्मी झुग्गियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा में तैनात रहे। शाम को भी यहां पुलिस की दो टीमें तैनात रहीं। पुलिस की ओर से किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह इंतजाम किए गए हैं।
- सीआईए टीम समेत डीएसपी पहुंचे मौके पर
बुधवार सुबह बाढड़ा डीएसपी भारत भूषण, बाढड़ा थाना प्रभारी तेजपाल सोनी और सीआईए टीम उस जगह पहुंची जहां साबिर मलिक का शव मिला था। पुलिस ने उस जगह की गहनता से जांच की और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। वहीं, हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं जिन्होंने दबिश देनी शुरू कर दी।
- इकलौता बेटा था साबिर, 1,800 किमी दूर बैठे माता-पिता बेहाल
मृतक साबिर मलिक के साले सुजाऊद्दीन ने बताया कि साबिर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उनका गांव दादरी जिले से करीब 1,800 किलोमीटर दूर है। जबसे से साबिर के माता-पिता को इस बारे में पता चला है उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इतना ही नहीं मृतक के रिश्तेदारों को शव पश्चिम बंगाल ले जाने की भी चिंता है क्योंकि दो दिन के अंदर शव खराब होने की आशंका है।
- दादरी में प्रतिबंधित पशु का मांस बेचने वाले की गिरफ्तारी से खुलेगा राज
मंगलवार को बाढड़ा में हुए प्रकरण की एक वीडियो और सामने आई है। इसमें लोग पकड़े गए दो युवकों से संरक्षित पशु का प्रतिबंधित मांस पकाने पर पूछताछ कर रहे हैं। उनमें से एक युवक दादरी से प्रतिबंधित मांस लाने की बात कह रहा है। हालांकि झुग्गियों से बरामद मांस के सैंपल लिए गए हैं और इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं, दादरी में प्रतिबंधित मांस बेचने वाले की गिरफ्तारी से भी इस बारे में और राज खुलने की उम्मीद है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। तीनों टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ने दबिश शुरू कर दी है। कोई अप्रिय घटना न हो इसके मद्देनजर झुग्गियों के समीप पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। -भारत भूषण, डीएसपी, बाढड़ा।