चरखी दादरी। जिले की सीमाओं को सुरक्षित और अपराधियों व नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चरखी दादरी पुलिस ने 3/4 सितंबर की रात विशेष इंटर-स्टेट नाका चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक, हरियाणा के निर्देशों के तहत यह अभियान नहर पुल, बौंदकला स्थित पुलिस नाके पर चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व डीएसपी कप्तान सिंह ने किया। उनके नेतृत्व में कमांडो दस्ते सहित 25 पुलिस कर्मचारियों की टीम ने रातभर नाके पर मुस्तैदी से ड्यूटी निभाई। इस दौरान जिले की सीमा से गुजरने वाले वाहनों की गहनता से जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस टीम ने अभियान के दौरान कुल 41 वाहनों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहन चालकों के चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाका चेकिंग का मुख्य उद्देश्य अपराध, नशा तस्करी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है।
डीएसपी कप्तान सिंह ने पुलिसकर्मियों को प्रत्येक वाहन की सतर्कता से जांच करने के निर्देश दिए। एसपी चरखी दादरी लोगेश कुमार पी, आईपीएस ने कहा कि जिले की सीमाओं को अपराधियों के लिए आसान रास्ता नहीं बनने दिया जाएगा।