चरखी दादरी। प्राइवेट बस में मादक पदार्थ ला रहे एक तस्कर को स्पेशल स्टाफ ने इमलोटा अड्डे से काबू कर लिया। आरोपी की पहचान बास निवासी सत्यवान के रूप में हुई और उससे 700 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। सत्यवान के खिलाफ सदर थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम सोमवार देर शाम इमलोटा अड्डे पर तैनात थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बास निवासी सत्यवान नशीले पदार्थ बेचने का अवैध कार्य करता है। वह प्राइवेट बस में सवार होकर झज्जर से इमलोटा की तरफ आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इमलोटा में नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद झज्जर की तरफ से आई प्राइवेट बस को रुकवाकर सवारियों से पूछताछ की गई तो एक यात्री ने अपनी पहचान बास निवासी सत्यवान के रूप में बताई। संदेह के आधार पर उसके सामान की तलाशी ली गई तो 700 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। इसके तुरंत बाद स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।