पुलिस गिरफ्त में दिनेश हत्याकांड के तीनों आरोपी।
बौंदकलां(चरखी दादरी)। रणखंडा निवासी दिनेश हत्याकांड के तीन और आरोपियों को बौंदकलां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान रोहतक के चिडी गांव निवासी विकास उर्फ हैप्पी, नरेंद्र उर्फ चिंटू और सुमित के रूप में हुई है। हत्याकांड को लेकर उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने रणखंडा निवासी उमेश ने बौंदकलां थाना पुलिस को उसके भाई दिनेश की हत्या के संबंध में 29 जुलाई को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था क 28 जुलाई की दोपहर उसका भाई दिनेश झिंझर निवासी संदीप के पास आया था। 29 जुलाई की सुबह उसका शव कोहलावास की सीमा में स्थित एक मुर्गी फार्म के समीप खेत में मिला। उमेश की शिकायत पर पुलिस ने संदीप और अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी संदीप और उसकी पत्नी मीना को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में तीन और गिरफ्तारी हुई है। तीनों आरोपियों को लाखनपुरा से काबू किया गया है। प्रवक्ता के अनुसार हत्याकांड को पांचों ने मिलकर अंजाम दिया था।