चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाॅफ ने एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल के साथ काबू किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को स्पेशल स्टाॅफ में तैनात हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, ईएचसी अनिल गांव चरखी बस अड्डे के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव डोहकी निवासी एक युवक अवैध हथियार के साथ दादरी-भिवानी रोड पर गांव डोहकी की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद है और वह कहीं जाने की फिराक में है।
जिस पर पुलिस टीम तुरंत सूचना के अनुसार बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां एक युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। खोल कर चेक करने पर पिस्तौल खाली मिली। आरोपी की पहचान गांव डोहकी निवासी मुकेश के रूप में हुई है। दादरी सदर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।