चरखी दादरी। श्रावण मास में निकलने वाली पवित्र कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए दादरी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से 25 नाके बनाए गए हैं और 469 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए जिले में पांच प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं। इनमें चरखी दादरी-चिड़िया-कनीना रोड, दादरी-महेंद्रगढ़ रोड, खेरड़ी मोड़-बौंदकलां-सांजरवास-दादरी मार्ग, दादरी-अटेला-बाढड़ा रोड तथा नेशनल हाईवे-152डी शामिल हैं। इन सभी मार्गों पर चौबीसों घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी।
चौबीसों घंटे निगरानी
जिले में पहले से संचालित 12 स्थायी पुलिस नाकों के अलावा 13 विशेष नाके भी स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक विशेष नाके पर तीन-तीन पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सभी नाके कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की लगातार जांच करेंगे।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए खेरड़ी मोड़-बौंदकलां-सांजरवास-दादरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। ऐसे वाहनों को नेशनल हाईवे-152डी से होकर गुजरने की सलाह दी गई है। इसके अलावा 18 संवेदनशील स्थानों पर पीसीआर और मोटरसाइकिल राइडर टीमें तैनात रहेंगी, जबकि आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) भी लगातार गश्त करेंगे।
सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ाई गई चेकिंग
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबों, बाजारों और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
कांवड़ शिविरों के लिए जारी किए गए निर्देश
पुलिस-पब्लिक समन्वय समिति की बैठक में शिविर आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कांवड़ सेवा शिविर और भंडारे सड़क के बाईं ओर ही लगाए जाएं। शिविरों का संचालन इस प्रकार किया जाए कि यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन द्वारा तय मानकों से अधिक ऊंची कांवड़ की अनुमति नहीं होगी। बिना साइलेंसर, पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले साइलेंसर और मॉडिफाइड बाइकों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यात्रा के दौरान हुड़दंग करने, यातायात नियम तोड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वर्सन:
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाने में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, पुलिस नाका या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।लोगेश कुमार, पुलिस अधीक्षक, दादरी।