संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए नगर परिषद ने सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
नगर परिषद की टीम ने लाव-लश्कर के साथ शहर के प्रमुख इलाकों में कार्रवाई करते हुए दुकानों के आगे बने चबूतरे, टीन शेड, रैंप और सड़क पर रखा सामान हटवाया। यह कार्रवाई समाधान शिविरों में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में बिजली निगम के एसडीओ गौरव कुमार मौजूद रहे, जबकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
परिषद की टीम ने एक जेसीबी मशीन, दो ट्रैक्टर और दर्जनों कर्मचारियों के साथ सोमवार दोपहर अभियान की शुरुआत की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया, वहीं आम राहगीरों और अतिक्रमण से परेशान नागरिकों ने राहत की सांस ली।
अभियान की शुरुआत दादरी के बस स्टैंड के समीप स्थित रोज गार्डन के सामने से की गई। यहां टीम ने दुकानों के आगे लंबे समय से किया गया अतिक्रमण हटाया। इसके बाद टीम एमसी कॉलोनी पहुंची। यहां पर टीम ने एक तंग गली में मकान के आगे बने चबूतरे को जेसीबी की मदद से हटाया।
बस स्टैंड रोड पर दुकानदारों में मचा हडकंप : नगर परिषद की टीम एमसी कॉलोनी के बाद बस स्टैंड रोड पहुंची। यहां दुकानों के आगे रखे गए सामान व बोर्ड आदि को जब्त करना शुरू किया। कार्रवाई की भनक लगते ही बस स्टैंड रोड के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार खुद ही अपना सामान समेटने लगे। वहीं रेहड़ी संचालक भी कार्रवाई से बचने के लिए रेहड़ियों को लेकर गलियों में घुस गए। इस दौरान दुकानदार अपना सामान वापिस देने तथा सामान अंदर रखने के लिए कुछ समय मांगते भी नजर आए।
टीम के जाते ही पहले जैसे बने हालात: हर बार की तरह इस बार भी नगर परिषद की टीम के जाते ही बस स्टैंड रोड पर हालात पहले जैसे बन गए। टीम के जाने के बाद गलियों में गए रेहड़ी चालक वापिस मुख्य मार्ग पर आ गए और पहले की तरह ही अपने निर्धारित स्थानों पर रेहड़ियां लगा लीं। अतिक्रमण न करने वाले दुकानदारों का कहना है कि नगर परिषद को दिखावे के तौर पर अभियान चलाने के बजाय अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि भविष्य में सड़कें अतिक्रमण मुक्त बनीं रह सकें।