चरखी दादरी। स्वच्छता पोर्टल पर कचरा उठान की लोगों की ओर से मौके से फोटो अपलोड न करने पर अनेक शिकायतों का निवारण नहीं हो पा रहा है। कई लोग मौके से फोटो तो ले रहे हैं जबकि दूसरी जगह से पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं।
इस कारण नगर परिषद कर्मचारियों को लोकेशन सही न मिलने से शिकायतों का निदान नहीं हो पा रहा है। बहुत से लोग अपना पता, मोबाइल नंबर भी सही दर्ज नहीं करवा रहे हैं। प्रत्येक माह नगर परिषद को 40 से 50 शिकायतें मिलती हैं जिनमें से 7-8 शिकायतें इस प्रकार की होती हैं।
शहर में कचरा उठान, नालियों की सफाई और अन्य स्वच्छता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद की ओर से करीब तीन साल से स्वच्छता पोर्टल काम कर रहा है। पोर्टल पर शहरवासी कचरा संबंधी समस्याएं दर्ज करवाते हैं। नगर परिषद को हर माह औसतन 40 से 50 शिकायतें पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होती हैं। हालांकि शिकायत दर्ज करते समय मौके की सही फोटो और लोकेशन उपलब्ध नहीं करवाने के कारण कई शिकायतों के निवारण में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ लोग शिकायत से संबंधित स्थान की फोटो मौके पर खड़े होकर लेते हैं जबकि किसी अन्य स्थान से फोटो पोर्टल पर अपलोड कर देते हैं। ऐसे में फोटो तो शिकायत से संबंधित दिखाई देती है जबकि पोर्टल पर दर्ज लोकेशन वास्तविक स्थान से मेल नहीं खाती। जब नगर परिषद की टीम शिकायत का समाधान करने के लिए मौके पर पहुंचती है तो उसे संबंधित स्थान तलाशने में परेशानी होती है। कई बार सही जगह न मिलने से शिकायत का समय पर निवारण नहीं हो पाता। उधर कुछ शिकायतों में लोग अपना पता और मोबाइल नंबर भी सही तरीके से दर्ज नहीं करवा रहे हैं।
मोबाइल नंबर गलत होने के कारण कर्मचारियों के लिए शिकायतकर्ता से संपर्क करना संभव नहीं हो पाता है। वहीं अधूरा या गलत पता होने की स्थिति में भी सफाई कर्मचारियों को शिकायत वाले स्थान की पहचान करने में दिक्कत आती है।
समस्या वाले स्थान से ही अपलोड करें फोटो
नगर परिषद की ओर से शहर में घर-घर से कचरा उठान की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 22 वाहनों को लगा रखा है। शहर में प्रतिदिन करीब 35 टन कचरा एकत्रित किया जाता है। इसके अलावा नालियों की सफाई और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर परिषद के 190 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। शहर में कुल 21 वार्ड हैं और करीब 80 हजार की आबादी है। ऐसे में स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शिकायत पोर्टल को माध्यम बनाया गया है।
पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के दौरान यदि लोग समस्या वाले स्थान से ही फोटो खींचकर अपलोड करें और मोबाइल नंबर व पूरा पता सही दर्ज करें तो कर्मचारियों के लिए शिकायत तक पहुंचना आसान हो जाता है।
वर्जन
स्वच्छता के प्रति नगर परिषद सतर्क है। आम लोगों को चाहिए कि वे सफाई के प्रति जागरूक रहें। स्वच्छता अभियान को लगातार जारी रखने की जरूरत है। पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को तत्परता से समाधान करवाया जा रहा है।स्वच्छता प्रभारी, ज्योति शर्मा, नगर परिषद
वर्जन
नगर परिषद शहरवासियों को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवा रही है। लोगों को चाहिए कि वे सफाई के मामले में लापरवाही न बरतें। शहर को सुंदर बनाने में सहयोग करें।- जिला नगर आयुक्त, बिजेंद्र हुड्डा