गांव जेवली में आयोजित पंचायत में मौजूद मौजीज ग्रामीण।
- फोटो : CharkhiDadri
गांव जेवली में रविवार को गांव के मौजीज ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। श्योराण खाप 25 अध्यक्ष बिजेंद्र बेरला व कन्नी प्रधान जगत सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में गांव में किसी समारोह में डीजे पर प्रतिबंध लगाने और एक अप्रैल से गांव में शराब सेवन और बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने का निर्णय लिया गया। लड़के के विवाह या दिशोठन में 10 रुपये का शगुन लेने पर सहमति जताई गई।
गांव जेवली में सरपंच प्रेम जांगड़ा की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर विचार- विमर्श किया गया। कन्नी अध्यक्ष जगत सिंह बाढड़ा ने कहा कि खाप-पंचायतें पुरानी रीति-रिवाजों को खत्म कर नई पहल करना चाहती हैं। शराब के बढ़ते प्रचलन से युवा पीढ़ी अपने रास्ते से भटक रही है विवाह व अन्य समारोह में डीजे पर असभ्य गीतों से समाज के लोगों पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि दिखावे के चलते लोग मृत्यु भोज में बहुत पैसा खर्च करते हैं। इस फिजूल खर्ची को बंद करना चाहिए। इस दौरान पंचायत में निर्णय लिया गया कि गांव में एक अप्रैल से शराब सेवन व बिक्री करने पर प्रतिबंध रहेगा। विवाह या अन्य किसी कार्यक्रम में डीजे नहीं बजाया जाएगा। लड़के के विवाह या दिशोठन पर शगुन के तौर पर 10 रुपये लिए जाएंगे। मृत्य भोज में गांव का कोई व्यक्ति शामिल नहीं होगा। संबंधित परिवार केवल एक दिन अपने रिश्तेदारों को बुला सकते हैं। इस अवसर पर श्योराण खाप 25 अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह बेरला, मीर सिंह जेवली, सरपंच प्रेम जांगड़ा, मुकेश जेवली, दलीप सिंह, भीम सिंह, कपूर सिंह व राजपाल रोहित आदि ग्रामीण मौजूद थे।