बाढड़ा। गांव दगड़ौली-ऊण सड़क मार्ग जर्जर होने पर परेशान दो गांवों के ग्रामीणों ने दगड़ौली बस स्टैंड से गुजरने वाले दादरी-सतनाली सड़क मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार व बीडीपीओ भी पहुंचे। पंचायत समिति सदस्य गुणपाल दगड़ौली की अध्यक्षता में संचालित धरने पर पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि पिछले पांच साल से सड़क निर्माण की मांग करने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
जाम लगाने के दौरान लोगों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अमरनाथ, बीडीपीओ मनोज कुमार व झोझू थाना प्रभारी ने आंदोलनकारियों की बात सुनी। इस दौरान लोगों को समझाकर जाम को खुलवाया। अधिकारियों के मनाने पर लोगों ने जाम खोल दिया पर वहां धरने पर बैठ गए।
धरने पर पहुंचे जिला पार्षद अशोक कादमा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सांसद धर्मबीर सिंह के प्रयासों से सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए फाइल मुख्यालय भेज रखी है। जल्द ही सड़क का निर्माण हो सकेगा। नायब तहसीलदार अमरनाथ ने किसानों को समझाया लेकिन बावजूद इसके लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा।