चरखी दादरी। पेयजल और बिजली संकट से परेशान वार्ड-10 के लोगों का गुस्सा शुक्रवार शाम फूट पड़ा। आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और पंचनद चौक पर जमा लगा दिया। करीब 45 मिनट तक जाम के चलते यातायात व्यवस्था बाधित रही और एसडीएम व एसपी को भी दूसरे रास्ते से गुजरना पड़ा। वहीं, बिजली निगम के जेई ने मौके पर पहुंचकर लोगों को एक सप्ताह में बिजली समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
वार्ड दस में बिजली और पेयजल आपूर्ति का शेड्यूल मेल नहीं खा पा रहा है। अगर वार्ड में पेयजल आपूर्ति होती है तो बिजली गुल हो जाती है और जब बिजली आपूर्ति बहाल होती है तो पेयजल आपूर्ति बंद हो जाती है। इसके चलते स्थानीय लोग बिजली व पेयजल संकट का दंश झेलने को विवश हैं।
शुक्रवार को वार्डवासियों का सब्र जवाब दे गया और करीब पौने पांच बजे वार्डवासी एकत्र होकर पंचनद चौक पर पहुंच गए। वहां उन्होंने रोड जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार जाम स्थल पर पहुंचे और उन्होंने लोगों से बातचीत कर जाम लगाने का कारण जाना।
इस पर लोगों ने उनके समक्ष अपनी परेशानियां रखीं और मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। इसके बाद बिजली निगम के जेई साहिल मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को आश्वस्त कर जाम खुलवाया। करीब साढ़े पांच बजे यातायात व्यवस्था बहाल हो पाई और इसके बाद ही पुलिस टीम लौटी।
- जेई बोले: एक सप्ताह में हो जाएगा समाधान
मौके पर पहुंचे बिजली निगम के जेई साहिल के समक्ष वार्डवासियों ने बिजली संबंधी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की। इस पर जेई ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर वार्ड में बनी बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा।
लोग बोले: दो माह से बनी है समस्या, अधिकारी नहीं कर रहे समाधान
प्रदर्शनकारी नरेंद्र, विवेकानंद, दिनेश, चंद्रभान, सुशील, प्रदीप, प्रकाश, राजरानी, लीलावती, शीतल, निर्मला, रेखा, भगवानी देवी, कांता, केला देवी, किरण व सरोज आदि ने बताया कि उनके वार्ड में दो माह से बिजली व पेयजल की समस्या बनी है। कई बार अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। लोगों ने बताया कि वो परेशानी झेल रहे हैं जबकि अधिकारी समाधान नहीं कर रहे।
- 10 दिन के अंदर चौथी बार लगा जाम
पिछले दस दिनों के अंदर शहर में चौथी बार जाम लगा है। पहले जहां सरदार झाडू सिंह चौक के पास जाम लगाया गया तो इसके बाद गोशाला चौक व महेंद्रगढ़ चुंगी पर जाम लगाया गया। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने पंचनद चौक पर चौथी बार जाम लगाया।