चरखी दादरी। जिले की अनाज मंडी में सरकारी रेट पर गेहूं बेचने वाले किसानों के खाते में भुगतान राशि पहुंचना शुरू हो गई है। वहीं, खरीद एजेंसी ने सोमवार तक 872 किसानों को 54,825 क्विंटल गेहूं का 13.74 करोड़ रुपये का भुगतान करने का दावा किया है। फिलहाल खरीद केंद्रों में 5,191 किसानों का 3,03,340 क्विंटल गेहूं की 73.55 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान बकाया है।
अब तक स्थानीय खरीद केंद्र के अलावा उप खरीद केंद्रों पर छह हजार से अधिक किसानों ने गेट पास कटवाए। मंडियों में लगातार बढ़ती आवक के साथ ही खरीद एजेंसियां भी लगातार गेहूं की खरीद प्रक्रिया में जुटी हुई हैं। किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन के जिले में एक मुख्य खरीद केंद्र के साथ पांच उप खरीद केंद्र बनाए हैं, ताकि किसानों को दूर-दराज मंडियों में चक्कर न लगाने पड़ें।
सोमवार तक जिले में 6,063 किसानों के गेट पास जारी हो चुके हैं। 3,58,165 क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज हुई है। इसके साथ ही खरीद एजेंसियों ने सभी केंद्रों से 2,09,171 क्विंटल गेहूं की खरीद की है। इसमें से खरीद एजेंसी ने 1,07,279 क्विंटल गेहूं की उठान कर गोदामों में पहुंचाई है।
इन खरीद केंद्रों में इतना पहुंचा गेहूं
खरीद केंद्र टोकन कटे कुल आवक कितनी हुई खरीद
दादरी 2932 1,96,707 95,062
बाढड़ा 670 30,670 19,172
झोझूकलां 295 15,611 8,866
बौंदकलां 988 49,540 37,476
बेरला 490 26,580 18,621
छपार 688 39,057 29,974
हमने सभी खरीद केंद्रों पर किसानों का गेहूं खरीदने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। कर्मचारी लगातार गेहूं की खरीद करने के बाद उठान भी करवा रहे हैं, ताकि किसानों के खाते में भुगतान राशि जल्दी से पहुंच सके।
- सतीश कुमार, मैनेजर, हैफेड