चरखी दादरी। पटवारी और कानूनगो ने दादरी में सोमवार से दूसरे चरण की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। इसके चलते सोमवार को सभी 49 पटवारी और 10 कानूनगो हड़ताल पर रहे। उन्होंने लघु सचिवालय के प्रवेश गेट के समीप सुबह से शाम तक धरना दिया। दूसरी ओर जमीन से संबंधी कार्य करवाने के लिए लोग कार्यालय और धरनास्थल के चक्कर लगाते रहे। एसोसिएशन की हड़ताल के चलते जिले में 1800 इंतकाल और 250 रजिस्ट्री अटक गई हैं।
एसोसिएशन की लगातार छठे दिन हड़ताल से आमजन बेहद परेशान है। हड़ताल के चलते इंतकाल और रजिस्ट्री समेत 2100 प्रमाण पत्रों का सत्यापन कार्य नहीं हो पा रहा है और आवेदक इधर-उधर भटकने को विवश हैं। दूसरी ओर आवेदकों के गुहार लगाने के बाद भी पटवारी व कानूनगो हड़ताल का हवाला देकर कोई काम नहीं कर रहे हैं। हड़ताल के चलते प्रतिदिन करीब 2000 लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन जिला प्रधान कुलबीर सांगवान ने बताया कि आगामी रणनीति राज्य कार्यकारिणी तय करेगी और फिर उसी अनुसार फैसला लिया जाएगा।
- हर रोज जिले में होते हैं 300 इंतकाल
जिले में हर रोज लगभग 300 इंतकाल करवाए जाते हैं जिनमें विरासत इंतकाल, वसीयत इंतकाल, बंटवारा इंतकाल, वैधनामा आदि शामिल है। हड़ताल के चलते सभी प्रकार के इंतकाल रुके हुए हैं। लोग लगातार कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन काम नहीं बन पा रहे।
- प्रमाण पत्रों का नहीं हो रहा सत्यापन
49 पटवारियों के पास हर रोज लगभग 250 लोग जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, रिटायरमेंट प्रमाण पत्र के दस्तावेज सत्यापन के लिए पहुंचते हैं। पटवारियों के लगातार 6 दिन सीट न संभालने से विभिन्न प्रकार के करीब 2100 प्रमाण पत्र का सत्यापन कार्य रुका हुआ है।
लोग बोले : काट रहे चक्कर, नहीं बन रहा काम
जमीन की रजिस्ट्री करवाए काफी दिन हो चुके हैं। जमीन का इंतकाल करवाने के लिए पिछले 5 दिनों से कार्यालय व धरनास्थल के चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन हड़ताल के चलते इंतकाल का कार्य रुका हुआ है।
-हेमंत, जावा
- रिहायशी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पिछले 4 दिनों से घर के जरूरी कार्य छोड़कर कार्यालय व धरनास्थल के चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन पटवारी हड़ताल का नाम लेकर दस्तावेजों का सत्यापन करने से मना कर रहे हैं।
-अजय, इमलोटा
- इन संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे समर्थन देने
पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन उप प्रधान रविंद्र व सचिव पवन फौगाट आदि ने बताया कि धरने के छठे दिन सीटू जिला प्रधान राजकुमार घिकाड़ा, रणबीर गहलावत, अध्यापक संघ जिला प्रधान संजय शास्त्री, विरेंद्र सांगवान, किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव रणबीर, पूर्व पार्षद कुलदीप गांधी आदि ने धरनास्थल पर पहुंचकर मांगों और आंदोलन को समर्थन दिया।