संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के परिवहन विभाग को मिलीं 15 नई बसों में से बुधवार को 12 बसों का पासिंग हो गई जबकि 3 बसें तकनीकी कारणों से पासिंग से वंचित रह गईं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इंटरनेट कनेक्टिविटी में आई खराबी से तीन बसों की प्रक्रिया अधूरी रह गई, जिसे वीरवार को पूरा किए जाने की संभावना है।
रोडवेज विभाग को कुल 30 नई बसें आवंटित की गई थीं। इनमें से पहली खेप की 15 बसें पहले ही शामिल की जा चुकी हैं। शेष 15 बसें 2 अक्तूबर को विभाग को सौंपी गईं। नई बसों को सड़क पर उतारने से पहले अनिवार्य कागजी कार्रवाई और पासिंग प्रक्रिया जरूरी होती है, जिसके तहत यह कार्य किया जा रहा है।
पासिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद, इन बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, इन रूटों से पुरानी बसों को हटाकर उन्हें लोकल रूटों पर चलाया जाएगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को भी अधिक सुविधा मिलेगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, इन बसों के शामिल होने के बाद कुल बसों की संख्या 123 हो जाएगी। इससे त्योहार के दौरान भीड़ का दबाव कम होगा और यात्रियों को समय पर परिवहन सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
वर्सन:
परिवहन विभाग की ओर से 12 बसों की पासिंग प्रक्रिया करवा ली गई है। सर्वर में तकनीकी खराबी आने के कारण तीन बसों की पासिंग प्रक्रिया नहीं हो पाई है। बची हुईं बसों की पासिंग वीरवार को करवा दी जाएगी। इन बसों को बेड़े में शामिल कर लंबे रूट पर यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएंगी।
-नवरत्न शर्मा, निरीक्षक, रोडवेज विभाग।
फोटो 29: रोडवेज वर्कशॉप में पहुंचीं नई बसें। फाइल फोटो