लाइव आकर विनेश फौगाट की ओर से डाली गई पोस्ट।
चरखी दादरी। दिल्ली में नए संसद भवन के सामने महापंचायत के आह्वान पर दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवान विनेश फौगाट, उनकी चचेरी बहन संगीता फौगाट, बजरंग फौगाट और साक्षी मलिक समेत कई पहलवानों को हिरासत में ले लिया। इससे पहले इन पहलवानों ने गिरफ्तारी का काफी विरोध किया, लेकिन एक न चली। गिरफ्तारी के बाद विनेश और उनकी बहन संगीता ने लाइव आकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली।
पोस्ट में विनेश फौगाट ने बताया कि हमारा देश काफी तरक्की कर रहा है और यह रविवार को सिद्ध हो गया। उन्होंने बताया कि एकतरफ नए संसद भवन का उद्घाटन कर लोकतंत्र की शान में कसीदे पढ़े गए, जबकि दूसरी ओर मेडल लाकर देश का सीना फख्र से चौड़ा करने वालीं बेटियों को घसीटा गया। विनेश ने कहा कि बजरंग को गाड़ी में डालकर दिल्ली पुलिस ले गई जबकि साक्षी मलिक को भी अलग बस से थाने ले जाया गया। उन्होंने कहा कि जवानों ने सरकार का इशारा मिलने के बाद पहलवानों का मान रखा और न ही तिरंगे का।
वहीं, संगीता फौगाट ने कहा कि पहलवानों के साथ अन्याय कर लोकतंत्र की हत्या की गई। अब भी अगर देशवासी एकजुट होकर बेटियों को न्याय नहीं दिलाएंगे तो अगला नंबर किसी का भी हो सकता है। संगीता ने कहा कि जिसे गिरफ्तार करना चाहिए, उसे सरकार की शह मिल रही है जबकि जिनके साथ गलत हुआ है उन्हें ही गिरफ्तार करवाया जा रहा है।