बस स्टैंड़ रोड पर सफेद पट्टी के बाहर पार्क किए गए वाहन।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। बस स्टैंड रोड पर दुकानों के सामने सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहन प्रतिदिन भारी जाम का कारण बन रहे हैं। इससे मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
वाहन चालकों और दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मेन बाजार में अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है। शहर के मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन 20 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। इसके अलावा, बस स्टैंड परिसर से परिवहन समिति और रोडवेज की 150 से अधिक बसें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। खरीदारी करने आए अधिकतर लोग अपने निजी वाहनों को सफेद पट्टी के बाहर पार्क कर घंटों तक छोड़ देते हैं।
इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और जाम की स्थिति बन जाती है। जाम में फंसे वाहन चालक गर्मी और उमस से परेशान होते रहते हैं। दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उनके कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। पुलिस कर्मचारी व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पैदल और राइडर से गश्त कर चालान करते रहते हैं।