फोटो 11, 12 व 13
- महराणा गांव में रविवार को साढ़े 4 घंटे तक चली तीन गांवों की पंचायत, युवक का दादा बोला-मेरा पोता अब नहीं घुसेगा महराणा गांव में
- मौअजिज लोग बोले- युवती ने फिर से अपना लिया हिंदू धर्म, युवक-युवती दोनों ने दिए अलग रहने के शपथपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। महराणा निवासी विशेष समुदाय के युवक के गांव निवासी हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन करवाकर कोर्ट मैरिज करने के मामले में रविवार को तीन गांवों की पंचायत आयोजित हुई। महराणा गांव में आयोजित पंचायत करीब साढ़े चार घंटे चली। युवक के दादा ने पंचायत में कहा कि, उसका पोता अब गांव में नहीं आएगा। वहीं, ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि उक्त युवक के दादा से कोई भी वास्ता नहीं रखेगा।
3 जुलाई को महराणा गांव निवासी युवती का धर्म परिवर्तन करवाकर विशेष समुदाय के युवक ने कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद से मामला तूल पकड़े हुए है। पहले भी इस मसले पर गांव में पंचायत हो चुकी है। पुलिस ने भी दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर मामला सुलझाने का प्रयास किया है।
रविवार को महराणा गांव में पातुवास, महराणा और खेड़ी सनसनवाल गांव की पंचायत आयोजित हुई। इसमें तीनों गांवों के करीब 100 से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे। अहम बात यह रही कि पंचायतस्थल पर केवल गांवों के मौअजिज लोग ही मौजूद रहे। मीडियाकर्मियों व पुलिस कर्मचारियों को इससे दूर रखा गया। दोपहर करीब ढाई बजे पंचायत आयोजित खत्म की गई। इसके बाद गांव के मौअजिज लोगों ने पंचायत में हुईं बातें मीडिया के समक्ष बताईं।
- दोनों हो चुके अलग, शपथपत्र भी दिए
पंचायत की अध्यक्षता कपूर सिंह ने की। वहीं, अठगामा खाप के संयोजक धर्मपाल ने बताया कि युवती ने फिर से हिंदू धर्म अपना लिया है। दोनों अलग रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों ने शपथपत्र दे दिए हैं। शपथपत्र में युवती ने हिंदू धर्म वापस अपनाने व युवक ने युवती से कोई रिश्ता न रखने की बात शामिल की है।
- प्रशासन रहा अलर्ट, साधारण कपड़ों में भी तैनात रहे पुलिसकर्मी
महराणा गांव में आयोजित होने वाली पंचायत के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। पंचायत शुरू होने से पहले ही गांव में पुलिस फोर्स पहुंच गई। अहम बात यह रही कि कई पुलिसकर्मी वर्दी के बजाय साधारण कपड़ों में पहुंचे। वे स्थिति पर नजर रखे रहे। इसके अलावा, पातुवास रेलवे स्टेशन व पंचायत स्थल के पास भी पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।