झोझूकलां में हेमंत चारण और धीरज पांचाल समेत दल का स्वागत करते सामाजिक कार्यकर्ता। संवाद
- 5 जून को राजस्थान के चिड़ावा से की गई यात्रा शुरू, शनिवार को लोहारू होते हुए दल पहुंचा झोझूकलां
संवाद न्यूज एजेंसी
झोझूकलां। गांव असावरी निवासी एवं राष्ट्रीय हिंद सेवा संस्थान के संयोजक हेमंत चारण ने राजस्थान के चिड़ावा से अयोध्या राम मंदिर तक 900 किलोमीटर की पैदल यात्रा का संकल्प लिया है। 5 जून से उन्होंने चिड़ावा से यात्रा शुरू। लोहारू होते हुए यात्रा शनिवार को झोझूकलां पहुंची।
झोझूकलां में वंचित जन जागृति ट्रस्ट के संस्थापक बिशन सिंह आर्य व अन्य सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने यात्रा का स्वागत किया। बिशन सिंह आर्य ने कहा कि आज के युवा देशभक्ति और सांस्कृतिक भावना से जुड़ रहे हैं, जो अच्छी बात है। हेमंत चारण, धीरज पांचाल व अन्य युवकों का सनातन संस्कृति के प्रचार के लिए 900 किलोमीटर की पैदल यात्रा करना सराहनीय निर्णय है।
पूर्व तहसील कल्याण अधिकारी जगदीश राय व कप्तान बलबीर सिंह ने भी युवाओं को आशीर्वाद देकर जनकल्याण के लिए की गई यात्रा को सराहनीय पहल बताया।
इस मौके पर रामप्रताप, रघुवीर सांगवान, रामवीर चारण, सुनील असवारी, विश्व हिंदू परिषद के जिला महासचिव सत्यवान सांगवान, विक्की जांगड़ा व दयानंद चारण आदि मौजूद रहे।
समाज में समरसता व भाईचारे का संदेश देना है मकसद
यात्रा के संयोजक युवा हेमंत चारण ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता व भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना, सनातन संस्कृति की ध्वजा को फहराकर पुनः भारत को विश्व गुरु बनाना, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और संस्कार को बढ़ावा देना है। इसके अलावा, युवाओं को नशे से दूर कर देशभक्ति व समाजसेवा से जोड़ना है। 5 जून को चिड़ावा के गांव श्यालू कलां स्थित शहीद नंदू सिंह शेखावत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर यात्रा की शुरुआत की गई।