चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता मंगलवार को फिर से जिले में सक्रिय नजर आया। सुबह एक घंटे तक टीम ने ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट को साथ लेकर जिला परिषद के सीईओ और आरटीए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जिला परिषद कार्यालय में पांच कर्मचारी गैरहाजिर मिले, जबकि आरटीए कार्यालय में चालक गैरहाजिर व तीन डीएल लंबित मिले। टीम ने निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता मंगलवार सुबह करीब सात बजे दादरी पहुंचा। इसके बाद उड़नदस्ते ने गुप्तचर विभाग व आरटीए के निरीक्षक प्रेम कुमार को साथ लेकर सुबह आठ बजे शहर के बाईपास पर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की। टीम ने यहां दो ओवरलोड डंपर पकड़े। इसके बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार नवीन कुमार के साथ सुबह 9:15 पर जिला परिषद के सीईओ कार्यालय पहुंचा। यहां टीम करीब 10:30 बजे तक डेरा डाले रही। इस दौरान डीआरडीए शाखा के 5 कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
कार्यालय में सीएम विंडो पोर्टल को चेक कर लंबित शिकायतों की जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद टीम 11 बजे आरटीए कार्यालय पहुंच गई। यहां टीम दो घंटे दस मिनट तक रुकी। इस दौरान यहां एक चालक गैरहाजिर मिला। टीम आरटीए कार्यालय से 1:10 पर रवाना हुई। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की कार्रवाई से विभागों के कर्मचारियों समेत ओवरलोड वाहन माफिया में भी हड़कंप मचा रहा।
आरटीए कार्यालय में ये मिलीं खामियां
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने आरटीए कार्यालय में सारथी वाहन पोर्टल व सीएम विंडो पोर्टल को भी चेक किया। जांच के दौरान सारथी पोर्टल पर तीन डीएल के आवेदन लंबित मिले, जबकि सीएम विंडो पर कोई शिकायत लंबित नहीं मिली। टीम ने जनवरी व फरवरी की वाहन चालान रिपोर्ट चेक की।
ओवरलोड वाहनों पर ठोका 1.09 लाख रुपये का जुर्माना
जांच के दौरान आरटीए टीम ने दो ओवरलोड वाहनों पर 1.09 लाख रुपये के चालान किए। टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि एक वाहन का 50,500 रुपये तो दूसरे का 50,400 रुपये का चालान किया गया।
आयल मिल में सरसों से भरी ट्राॅली बरामद
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने शहर की एक ऑयल मिल से सरसों से भरी एक ट्राली पकड़ी है। मार्केट कमेटी सुपरवाइजर विनोद कुमार भी टीम के साथ रहे। उन्होंने मार्केट फीस चोरी करने पर 3,250 रुपये जुर्माना लगाया। ट्राॅली में 50 क्विंटल सरसों थी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने जिला परिषद के सीईओ कार्यालय और आरटीए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सीईओ कार्यालय की डीआरडीए शाखा से पांच कर्मचारी और आरटीए कार्यालय से एक चालक गैरहाजिर मिला। बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मैं टीम के साथ था। टीम ने अपनी निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है। - नवीन कुमार, तहसीलदार एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट।