संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के पांच कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। सोमवार तक कॉलेजों में 275 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है, जबकि पहली मेरिट सूची में 1301 आवेदकों के नाम शामिल है।सूची में शामिल आवेदकों के पास मंगलवार को दाखिला लेने का अंतिम दिन है। दूसरी मेरिट सूची 11 जुलाई को जारी होगी। इसके बाद वंचित विद्यार्थी लेट फीस के साथ दाखिला ले सकते हैं।
पहले मेरिट सूची में शहर के जनता कॉलेज में छह कोर्सों की 554 सीटें आवंटित हुई हैं। दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि बीए की 360 आवंटित सीटों पर 68 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। बीकॉम में 39 में से 15 सीटों पर दाखिले हो पाए। बीएससी मेडिकल में 47 में से 11, नॉन मेडिकल में 62 में से 16, एक्चुरियल साइंस में 23 में से एक और कंप्यूटर साइंस में 23 में से पांच सीटों पर दाखिले हुए। 116 दाखिले के साथ संस्थान सभी संस्थानों में नंबर एक पर रहा।
वहीं, बौंदकलां राजकीय कॉलेज बीकॉम की सभी सात सीटों पर दाखिले हुए हैं। हालांकि पोर्टल न चलने के कारण सोमवार को कोई दाखिला नहीं हो पाया। शहर के एपीजे कॉलेज में अभी तक 44 आवेदकों ने दाखिला लिया है। झोझूकलां महिला कॉलेज में कुल 88 छात्राओं ने दाखिला लिया। संस्थान के दाखिला कार्यकारी इंचार्ज दिनेश कुमार ने बताया कि बीए में 70, बीएससी में 15 और बीकॉम में 3 दाखिले हुए हैं।
कादमा कॉलेज की बात करें तो अभी तक 30 आवेदकों ने दाखिला लिया है। प्राचार्य नितेश सैनी ने बताया कि संस्थान के बीए संकाय में 28 और बीएससी नॉन मेडिकल में दो दाखिले हुए हैं।
देरी से दाखिला लेने पर लगेगी लेट फीस
पहली सूची के आवेदक 9 जुलाई तक ही दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद 16 जुलाई को फिर पहली और दूसरी मेरिट सूची के वंचित आवेदकों के दाखिले सौ रुपये लेट फीस के साथ किए जाएंगे। ओपन काउंसिलिंग में दाखिला लेने पर इन आवेदकों को सौ रुपये जुर्माना फीस और सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से लेट फीस देनी होगी। वहीं, बिना मेरिट सूची वाले आवेदकों से दाखिले की केवल निर्धारित फीस ही ली जाएगी।