दादरी में ऑपरेशन आक्रमण के तहत एक घर में जांच करती पुलिस टीम। स्रोत : विभाग
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के मार्गदर्शन में दादरी जिला पुलिस ने मंगलवार को ऑपरेशन आक्रमण चलाया। इसके तहत अवैध हथियार, सट्टा खाईवाली और अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा। वहीं, उद्घोषित अपराधी झज्जर जिले के जाखोदा निवासी प्रशांत को भी काबू किया गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि अभियान के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने टीमें बनाकर जिले में विभिन्न संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर रेड की। रेड के दौरान जिले के सभी हिस्ट्रीशीटर, पीओ, बेल जंपर, नशा तस्कर व अन्य संदिग्ध लोगों के ठिकानों को चेक किया गया। टीमों ने होटल व ढाबों को भी चेक किया।
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार अवैध रूप से हथियार रखने वालों और नशा की बिक्री में संलिप्त लोगों व गैर कानूनी कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए यह अभियान चलाया गया। ऑपरेशन आक्रमण के तहत 5 एफआईआर दर्ज हुईं। अवैध हथियार रखने पर पैंतावास खुर्द निवासी मोहित को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से 5 कारतूस बरामद हुए। आबकारी अधिनियम के तहत 3 अलग-अलग मामलों में शराब की 42 बोतलें बरामद हुईं जबकि 3 आरोपी दबोचे गए। जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सिंघान पाना निवासी आरोपी विशाल उर्फ विनोद को 1110 रुपये की नकदी समेत दबोचा गया। इसके अलावा प्रबंधक थाना यातायात व उनकी टीम ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 120 चालकों के चालान किए।
-
अपराधी अपराध का रास्ता छोड़ दें अन्यथा ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी पुलिस की ओर से ऑपरेशन आक्रमण जैसी मुहिम चलाई जाएंगी। - अर्श वर्मा, एसपी, चरखी दादरी