चरखी दादरी। शहर के सरदार झाडू सिंह चौक समीप स्थित एमसीएच यानी मातृ-शिशु अस्पताल में ई-उपचार की सुविधा अब तक शुरू नहीं हुई है। दूसरी ओर, यहां की दैनिक ओपीडी 10 माह पहले के मुकाबले बढ़कर दोगुनी हो चुकी है जबकि मरीजों को उपचार पहले की तर्ज पर मिल रहा है।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग खुद को हाईटेक कर चुका है और इसके तहत नागरिक अस्पताल में ई-उपचार सेवा तीन साल पहले ही शुरू की जा चुकी है। हालांकि बैटरियां खराब होने से वहां भी ई-उपचार सेवा बंद पड़ी है। दूसरी ओर, मातृ-शिशु अस्पताल इस सेवा से अभी अछूता है और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जल्द ही यहां ई-उपचार सुविधा शुरू करने की योजना है। ई-उपचार सेवा शुरू होने के बाद मरीजाें के साथ स्टाफ को भी राहत मिलेगी।
बता दें कि करीब आठ माह पहले ही स्वास्थ्य विभाग महिलाओं और बच्चों से जुड़ी तमाम सेवाओं को एमसीएच में एक छत के नीचे ला चुका है। इससे पहले यहां की दैनिक ओपीडी 200 तक सीमित रहती थी, जो अब बढ़कर 450 पार पहुंच चुकी है। हालांकि इस समय अवधि में विभाग की ओर से यहां की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया गया है, लेकिन ई-उपचार सेवा का इंतजार बरकरार है।
- पर्ची और रिपोर्ट लेने का झंझट होगा खत्म
ई-उपचार सेवा शुरू होने के बाद टेस्ट रिपोर्ट और पर्ची लेने का झंझट खत्म हो जाएगा। विशेषज्ञों को एक क्लिक पर मरीज की तमाम जानकारी मिलेगी और उनका रिकॉर्ड भी लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेगा। इतना ही नहीं, पिछली विजिट में मरीजों को दिए गए परामर्श और दवाओं का ब्योरा भी चिकित्सक एक क्लिक से देख सकेंगे।
एमसीएचस में जल्द ही ई-उपचार सेवा शुरू कर दी जाएगी। इस योजना को परवान चढ़ाने के लिए हम प्रयासरत्त हैं। वहीं, नागरिक अस्पताल में भी ई-उपचार सेवा जल्द बहाल हो जाएगी।
-डॉ. राहुल अरोड़ा, डिप्टी सीएमओ, दादरी स्वास्थ्य विभाग