चरखी दादरी। कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं। पहले दिन कोई भी विद्यार्थी आवेदन करने के लिए कॉलेज नहीं पहुंचा है। इस बार उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों को आदेश जारी कर कॉलेजों में कंम्प्यूटर लैब स्थापित करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद कॉलेजों में भी विद्यार्थी अपना आवेदन निशुल्क कर पाएंगे।
प्रदेश के उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिलों के लिए शेड्यूल जारी किया जा चुका है जिसके अनुसार बीए, बीकॉम और बीएससी आदि स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी विभाग के पोर्टल पर 31 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके बाद विभाग की ओर से मेरिट सूची जारी की जाएगी।
इन कॉलेजों में होंगे दाखिले
जिले के 8 सरकारी और एडेड कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की 4,102 सीटों पर दाखिले होने हैं। इसमें जनता कॉलेज, राजकीय पीजी कॉलेज दादरी, महिला महाविद्यालय झोझूकलां, राजकीय महिला कॉलेज बाढड़ा, राजकीय कॉलेज मांढी हरिया, राजकीय कॉलेज कादमा, राजकीय कॉलेज बौंदकलां, एपीजे सरस्वती कॉलेज दादरी आदि कॉलेज शामिल है।
इस प्रकार होंगे दाखिले
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार 17 से 25 अप्रैल तक संबंधित कॉलेजों की ओर से पोर्टल पर अपने-अपने कॉलेज से संबंधित जानकारी अपडेट की गई थी। अब ऑनलाइन पंजीकरण होंगे जो विद्यार्थी 31 मई तक पोर्टल पर कर सकेंगे। इसके साथ ही 7 मई से एक जून तक विद्यार्थी पंजीकरण में संशोधन भी कर सकेंगे। 9 मई से 6 जून तक कॉलेजों की ओर से संबंधित विद्यार्थियों द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों की जांच की जाएगी। उसके बाद विभाग द्वारा 10 जून को पहली तथा 16 जून को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। कॉलेजों में सीटें खाली रहने पर 24 जून को फिजिकल काउंसिलिंग होगी।
ये है कॉलेज अनुसार सीटों का विवरण
कॉलेज का नाम बीए बीकॉम बीएससी
एपीजे कन्या कॉलेज दादरी 400 80 80
राजकीय महाविद्यालय बौंद कलां 242 80 00
राजकीय महाविद्यालय कादमा 160 80 00
राजकीय महाविद्यालय मांढी हरिया 160 80 00
राजकीय महिला महाविद्यालय बाढड़ा 320 80 100
राजकीय पीजी महाविद्यालय दादरी 240 80 00
जनता पीजी महाविद्यालय दादरी 560 160 320
महिला महाविद्यालय झोझू कलां 480 80 160
कुल 2562 720 660
नोट : जनता पीजी महाविद्यालय दादरी में इनके अलावा 80 सीटें बीएससी एक्चुरियल साइंस और 80 सीटें बीएससी लाइफ साइंस विषय की भी हैं।
वर्सन :
स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन के समय विद्यार्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और जाति प्रमाण पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों से अपील है कि वे पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें।- डॉ. जेएस मोर, प्राचार्य राजकीय पीजी कॉलेज कम जिला उच्च शिक्षा अधिकारी, दादरी।