चरखी दादरी। स्नातक कोर्स के प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के लिए यूजीसी ने विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है। इसके तहत विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर कॉलेज में बची हुई सीटों पर मेरिट के आधार पर दाखिला ले सकते हैं।
इससे पहले दो मेरिट लिस्ट के जरिये कॉलेजों में विद्यार्थियों को दाखिला दिया गया था। दो मेरिट लिस्ट लगने के बाद कॉलेजों में बची हुईं सीटों पर ओपन काउंसिलिंग के जरिये दाखिला दिया गया, लेकिन बावजूद इसके आवेदकों ने दाखिला लेने में रुझान नहीं दिखाया। बीए संकाय को छोड़कर बीकॉम और बीएससी संकाय की 60 से 80 प्रतिशत सीटें फिलहाल कॉलेज में खाली रह गई हैं।
अब कॉलेजों और विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए यूजीसी ने फिर से विद्यार्थियों को दाखिला लेने का मौका दिया है। इसके तहत सोमवार को पोर्टल खोला जाएगा। जिन विद्यार्थियों ने पहले ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया था वो 15 सितंबर की शाम पांच बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। वहीं, जो विद्यार्थी ओपन काउंसिलिंग के जरिये दाखिला लेना चाह रहे हैं वो 16 सितंबर को शाम पांच बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
ओपन काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए भी ऑनलाइन करना होगा रजिस्ट्रेशन
जो विद्यार्थी ओपन काउंसिलिंग के जरिये कॉलेज में दाखिला लेना चाहते हैं, उन विद्यार्थियों को पहले ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके बाद ही वो कॉलेज में दाखिला लेने के योग्य होंगे। ऐसा न करने पर उन्हें दाखिला लेने से वंचित रहना पड़ सकता है।
पीजी कोर्स में फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि अब 16 सितंबर
पीजी कोर्स में पहली मेरिट लिस्ट के आवेदकों के लिए कोर्स की फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 सितंबर कर दी गई है। पहली मेरिट लिस्ट सात सितंबर को जारी की गई थी जबकि दूसरी मेरिट लिस्ट 21 सितंबर को लगाई गई। दूसरी मेरिट लिस्ट में शामिल आवेदक अपने कोर्स की फीस को 24 सितंबर तक जमा करवा सकते है। वहीं, तीसरी मेरिट लिस्ट 29 सितंबर को जारी जारी की जाएगी और इसमें शामिल आवेदक अपनी फीस एक अक्तूबर तक जमा करवा सकते हैं।
प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए सोमवार को पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा काउंसिलिंग के दौरान बताए गए सभी दस्तावेजों को जरूर लेकर आएं।
डॉ. नीरज गर्ग, दाखिला नोडल अधिकारी, जनता कॉलेज दादरी।