चरखी दादरी। हरियाणा सरकार ने ऊर्जा संरक्षण को एक प्रमुख क्षेत्र के रूप में पहचाना है और इस संबंध में कई पहल की गई हैं। इनमें से एक पहल उन औद्योगिक, वाणिज्यिक, सरकारी भवनों, शैक्षणिक और प्रौद्योगिकी में नवाचार अपनाने वाले उपभोक्ताओं को पुरस्कार देना है, जिन्होंने बिजली या अन्य ईंधन बचाने के लिए अपने भवनों में विभिन्न ऊर्जा संरक्षण उपायों को अपनाने में उत्कृष्टता हासिल की है। योजना के दिशा-निर्देशों की एक प्रति हरेडा की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2024-25 के दौरान की गई पहल के लिए पात्र उपभोक्ताओं की विभिन्न श्रेणियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हरेडा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर है। उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र उपभोक्ता, उद्योग, एमएसएमई, वाणिज्यिक और सरकारी भवन पुरस्कार की श्रेणियों में आने वाले भवन ऊर्जा लेखा परीक्षक/डिस्कॉम सब स्टेशनों को सलाह दी जाती है कि वे राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 के लिए अपना नामांकन 6 दिसंबर तक ऑनलाइन प्रस्तुत करें।