सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम होने का इंतजार करते मृतक के परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : CharkhiDadri
दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर गांव लोहरवाड़ा के समीप एक तेज रफ्तार वाहन के चालक ने मोटर मैकेनिक की बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चालक झज्जर जिले के गांव दुबलधन निवासी आनंद प्रकाश की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने रविवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में दुबलधन निवासी तकदीर ने बताया कि वो दो भाई थे। उनके बड़े भाई आनंद प्रकाश की दादरी के महेंद्रगढ़ बाइपास स्थित ऑटो मार्केट में दुकान थी, जबकि वह फरीदाबाद नगर निगम का कर्मचारी हैं। तकदीर ने बताया कि उसका भाई आनंद प्रकाश शनिवार को दुकान बंद करने के बाद बाइक से दुबलधन जा रहा था। जब रात करीब 11 बजे वह लोहरवाड़ा गांव के समीप पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में आनंद प्रकाश बाइक सहित सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सिविल अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया। मामले की सूचना पाकर देर रात ही मृतक के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। रविवार सुबह पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
दस साल पहले की थी दुकान
सिविल अस्पताल पहुंचे मृतक के भतीजे ने बताया कि उसके ताऊ ने करीब दस साल पहले महेंद्रगढ़ बाइपास स्थित ऑटो मार्केट में दुकान की थी। वह प्रतिदिन बाइक पर दुबलधन से दादरी आते-जाते थे। मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां व एक बेटा है।