चरखी दादरी। पातुवास रेलवे स्टेशन के समीप मोपेड और बाइक आपस में टकरा गई। हादसे में मोपेड सवार व्यक्ति की मौत हो गई जबकि बाइक चालक घायल हो गया। सदर थाना पुलिस ने हादसे के प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, शनिवार सुबह पुलिस ने रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में सेहलंगा निवासी धारे सिंह ने बताया कि दो जून की शाम करीब साढ़े सात बजे वो खाना खाकर घर से घूमने निकला था। जब वो पातुवास रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचा तो उसके सामने बाइक ने मोपेड में टक्कर मार दी। घारे सिंह ने बताया कि हादसे में मोपेड और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जब वो उनके पास पहुंचा तो मोपेड चालक उनके गांव का सतबीर निकला। वहीं, बाइक सवार युवक भी चोट लगने के कारण बोलने की हालत में नहीं था। धारे सिंह ने बताया कि घायल सतबीर और बाइक सवार युवक को उसने अस्पताल भिजवाया और सतबीर के परिजनों को सूचित किया। दादरी अस्पताल से घायल सतबीर को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया और वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धारे सिंह के अनुसार बाइक पर दो युवक सवार थे। उसके बयान पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।