शहर स्थित मस्जिद में नमाज अदा करते मुस्लिम समुदाय के लोग।
चरखी दादरी। शहर स्थित जामा मस्जिद में सोमवार सुबह मुस्लिम समुदाय ने ईद-उल-फितर पर कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें दादरी के विधायक सुनील सांगवान और बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास ने शिरकत की और समुदाय के लोगों को ईद की बधाई दी।
महेंद्रगढ़ रोड पर आयोजित कार्यक्रम में विधायकों ने अनुयायियों और मौलवी इमाम मोहम्मद सुवालीहीन को ईद की मुबारकबाद दी। मौलवी ने कहा कि एक माह के रोजे पूरे होने की खुशी में ईद मनाई जाती है। भाईचारा कायम रखना ही इसका उद्देश्य है। इस दौरान अनुयायियों ने नमाज अदा की और अल्लाह से जीवन में बरकत की दुआएं कीं।
सूबेदार इब्राहिम ने बताया कि कोई भी पर्व आपसी प्रेमभाव को बढ़ावा देता है। इस पर्व पर घरों में खेवैया, खीर आदि पकवान बनाए गए। मौलवी ने कहा कि ईद का पर्व समाज में समरसता का संदेश देता है। इस दौरान बच्चों एवं महिलाओं ने भी उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने बुजुर्गों के गले लगकर कर सलामती की दुआएं कीं।