सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के इंतजार में बैठे परिजन।
- फोटो : CharkhiDadri
दादरी- रेवाड़ी रेलमार्ग पर गांव ढाणी फौगाट के समीप वीरवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। रेलवे लाइन पार करते समय बुजुर्ग को ट्रेेन की आवाज नहीं सुनाई पड़ने से यह हादसा हुआ। परिजनों के मुताबिक मृतक को कान से कम सुनाई देता था। रेलवे पुलिस ने शव का दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया हादसे की कार्रवाई की है।
रेलवे पुलिस एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि वीरवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव ढाणी फौगाट के समीप ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस बयान में बताया कि बुजुर्ग राम सिंह(63) को कानों से कम सुनाई देता था। वह सुबह करीब छह बजे घूमने गया था। इसी बीच वह रेेलवे लाइन पार कर रहा था तो ट्रेन आ गई। उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं देेने की वजह से वह चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना रेलवे पुलिस को दी गई। दादरी रेलवे पुलिस से एएसआई सुरेश कुमार ने कार्रवाई पूरी की। एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया हादसे की कार्रवाई की है। दादरी सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।