आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारी।
- फोटो : 1
बाढड़ा। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के नोडल अधिकारी दीपक शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को खंड कार्यालय में बैठक आकांक्षी ब्लॉक की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग के एबी फैलो मणि प्रकाश ने विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि एवं बागवानी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, बीएसएनएल, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, अंबुजा फाउंडेशन, मैजिक बस, एलडीएम कार्यालय सहित 14 से अधिक विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित सूचकांकों की मासिक प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा में पाया कि एफपीओ गठन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एफएमडी टीकाकरण, ओडीएफ प्लस गांव, लाइव भारतनेट कनेक्शन वाली ग्राम पंचायतों और पीएमएवाई-जी के तहत निर्मित मकानों में 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। पीएम किसान लाभार्थियों के भूमि विवरण का कार्य भी 99.30 प्रतिशत पूरा मिला। स्वास्थ्य व पोषण के सूचकांकों की धीमी प्रगति पर चिंता जताई गई। बैठक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाइपरटेंशन और डायबिटीज की जांच के लिए आवश्यक ग्लूकोस्ट्रिप्स उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस दौरान पशुपालन विभाग को लंबित टीकाकरण और ओटीपी संबंधी लाभार्थियों की गांव स्तर पर सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। बीडीपीओ दीपक शर्मा ने सभी विभागों को सूचकांकों में सुधार के लिए समयबद्ध कार्य करने और मासिक रिपोर्ट निर्धारित समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।