चरखी दादरी/बौंदकलां। गांव झींझर स्थित राजकीय स्कूल परीक्षा केंद्र में अधीक्षक को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद ड्यूटी से रिलीव करने पर प्रवक्ता ने एतराज जताया है। प्रवक्ता ने उन्हें फिर से ड्यूटी पर तैनात करने की मांग की है।
प्रवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि बोर्ड की परीक्षा ड्यूटी की रिजर्व सूची में उनका नाम एक नंबर पर था। 24 फरवरी को उन्हें केंद्र अधीक्षक के पद पर ड्यूटी देने का नियुक्ति पत्र मिला था। 25 फरवरी को उन्होंने राजकीय कन्या स्कूल दादरी से परीक्षा की सामग्री का थैला लिया। 26 फरवरी को झींझर परीक्षा केंद्र पहुंचे।
प्रवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें शाम को पता चला कि उसके स्थान पर किसी दूसरे प्राध्यापक की ड्यूटी केंद्र अधीक्षक के तौर पर लगा दी गई है। सुनील कुमार के अनुसार, 27 फरवरी को वह दादरी से प्रश्नपत्र लेकर झींझर परीक्षा केंद्र में परीक्षा संपन्न करवाने पहुंचे।
तत्पश्चात परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद शिक्षा बोर्ड से प्रश्नपत्र उड़नदस्ता इंचार्ज ओमप्रकाश वर्मा झींझर परीक्षा केंद्र पहुंचे और सुनील कुमार को अधीक्षक पद से रिलीव कर दिए।
सुनील कुमार के अनुसार, उन्होंने इस बारे में शिक्षा बोर्ड सचिव से भी शिकायत की है। प्रवक्ता सुनील कुमार का कहना है कि वह गत 15 साल से शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में केंद्र अधीक्षक के तौर पर नियमित सेवाएं देते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की वजह से वह हतोत्साहित हुए हैं। उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है।