चरखी दादरी। जिले में शुक्रवार को पांच कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से संक्रमितों की संख्या पांच हजार का आंकड़ा पार कर गई है। हालांकि शुक्रवार को 28 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है और किसी संक्रमित की मौत भी नहीं हुई। जिले में 61 कोरोना सक्रिय केस बचे हैं।
शुक्रवार को पांच कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 5004 हो गई है। एक मई से लेकर चार जून के आंकड़ों की बात करे तो पिछले 33 दिनों में जिले में 2600 संक्रमित मिले है। इस समयावधि के दौरान 90 संक्रमितों की मौत भी हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि इन दिनों में 3117 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। एक मई तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2404 थी। इसके साथ ही सक्रिय मामले 668 थे, जो चार जून को घट कर सिर्फ 61 रह गए हैं। चार जून तक कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग जिले से 184365 सैंपल ले चुका है। इनमें से 178758 की निगेटिव आई है। फिलहाल 603 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं। शुक्रवार को 28 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी और अब स्वस्थ होने वाले संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4814 हो गई है। शुक्रवार को 626 सैंपल लिए गए।
यहां मिले संक्रमित
शुक्रवार को सिविल अस्पताल के समीप रहने वाला 31 वर्षीय व्यक्ति, पैंतावास कलां निवासी 31 वर्षीय व्यक्ति और 30 वर्षीय महिला, ढाणी फौगाट निवासी 86 साल की महिला और चिड़िया निवासी 73 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पांचों नए संक्रमितों को ट्रेस कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में ये नए केस मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 5004 हो गई है। इनमें से 129 संक्रमितों की मौत हो चुकी है, जबकि 61 उपचाराधीन हैं।
17 केंद्रों पर 1081 लोगों को लगाई कोरोना वैक्सीन
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉक्टर आशीष मान ने बताया कि शुक्रवार को 17 स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन सेशन लगाकर 1081 लोगों को कवर किया गया। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में 304, एमसीएच में 117, बौंदकलां में 10, अचीना में 40, रानीला और सांवड़ में 60-60, झोझूकलां में 90, बलकरा में 20, संतोकपुरा में 42, मानकावास में 31,
माई कलां में 30, गोपी में 110, बाढड़ा में 90, हड़ौदी में 11, कादमा में 50 और छपार में 16 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
-----
जिले में संक्रमण दर अब काफी नीचे आ गया है और रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 5 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं जबकि 28 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं।
डॉक्टर सुदर्शन पंवार, सीएमओ।