चरखी दादरी। जिले में लगातार डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को भी 7 नए केस सामने आए हैं जिसके बाद पीड़ितों की संख्या बढ़कर 309 पहुंच गई है। खास बात ये है कि इस साल शहर के साथ गांवों में भी नियमित अंतराल पर डेंगू केस मिल रहे हैं।
अब तक की बात करें तो शहर में 181 और गांवों में 128 लोग डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं अब तक जिले में 193 पुरुष और 116 महिलाएं डेंगू के डंक का शिकार बन चुके हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सितंबर 2023 तक 1,74,401 घरों की जांच की है और जांच के दौरान 2416 घरों में लारवा पाया गया। विभाग की टीमों ने लारवा पाए जाने पर 275 मकान मालिकों को नोटिस थमाए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसके बावजूद डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए 120 कर्मचारी हर रोज जिले में आठ हजार घरों में लारवा की जांच कर रहे हैं। जिले में फिलहाल विभिन्न अस्पतालों में 22 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि 17 मरीजों को रेफर किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों की बात करें तो जिले की बलकरा पीएचसी में सबसे अधिक 59 डेंगू पीड़ित पाए गए हैं।
जानिये...किस सीएचसी और पीएचसी में मिले कितने मरीज
स्वास्थ्य केंद्र - डेंगू मरीजों की संख्या
झोझूकलां सीएचसी -6
संतोकपुरा पीएचसी -8
बलकरा पीएचसी- 59
माईकलां पीएचसी -7
मानकावास पीएचसी-15
बौंदकलां सीएचसी-1
अचीना पीएचसी- 11
सांवड पीएचसी- 5
रानीला पीएचसी-3
इमलोटा पीएचसी-6
हड़ोदी पीएचसी-5
कादमा पीएचसी-2
मंगलवार को 120 कर्मचारियों ने 176 घरों में खोजा लारवा
स्वास्थ्य विभाग की 120 टीमों ने मंगलवार को जिलेभर में सर्च अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान टीमों ने 10619 घरों की जांच की गई। घरों की जांच के दौरान 176 घरों में रखे पानी के बर्तनों लारवा पाया गया। टीम के कर्मचारियों ने लारवा पाए जाने वाले 22 घरों में नोटिस देकर उन्हें चेतावनी दी गई।
लोगों की लापरवाही भी पड़ रही भारी : डॉ. गौरव
डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि लोगों की लापरवाही भी डेंगू केस बढ़ने का कारण है। अगर वो दस दिन के अंतराल पर पानी के बर्तन खाली कर साफ करें तो लारवा नहीं पनपेगा। डेंगू पर काबू पाने के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है।
पिछले चार साल में ये हैं डेंगू के आंकड़े
वर्ष सैंपल मरीज मिले
2019 93 41
2020 383 152
2021 1710 678
2022 1377 354