फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

78 पहुंची डेंगू मरीजों की संख्या, गांवों में प्रकोप ज्यादा

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। डेंगू के डंक का प्रकोप जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार तक जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 78 पहुंच गई है। अहम बात यह है कि शहर के मुकाबले गांवों में अधिक केस सामने आए हैं। दूसरी ओर गत वर्ष के आंकड़ों से तुलना करें तो इस साल सैंपल ढाई गुना अधिक लिए गए हैं जबकि मरीजों की संख्या दोगुना है। हालांकि दो दिन पहले हुई बारिश के चलते डेंगू मरीजों का ग्राफ ऊपर जा सकता है। डिप्टी सीएमओ एवं डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि अब तक जिले में 78 लोग डेंगू का शिकार बने हैं। राहत की बात यह है कि किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक शहर में 33 और गांवों में 45 केस सामने आ चुके हैं।
विज्ञापन

झोझूकलां के बाद अब बौंदकलां में भी डेंगू केस सामने आने लगे हैं। इसके अलावा शहरी क्षेत्र की बात करें तो रविदास बस्ती में सबसे अधिक 9 केस हैं। इसके अलावा अन्य वार्डों में दो से तीन केस हैं। उन्होंने बताया कि इन हाई रिस्क जोन में फॉगिंग करवाई जा चुकी है और यह गतिविधि शहर में निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि फॉगिंग के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं और नगर परिषद की मशीनों के जरिये शहर में फॉगिंग हो रही है।
पिछले 10 दिनों की बात करें तो डेंगू के 26 नए केस सामने आए हैं। डेंगू जांच के लिए विभाग अब तक 418 सैंपल ले चुका है। उन्होंने बताया कि सैंपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और विभाग का प्रयास है कि अक्तूबर के अंत तक करीब एक हजार सैंपल ले लिए जाएं।
विज्ञापन

गत वर्ष 10 अक्तूबर तक थे 44 केस
पिछले साल की अगर बात करें तो जिले में 10 अक्तूबर तक डेंगू के 44 केस थे। इस समय अवधि तक विभाग की ओर से 170 सैंपल ही लिए गए थे। इस साल सैंपलों की संख्या 418 और डेंगू केस की संख्या 78 पहुंच गई है। इस बार शहर के मुकाबले गांवों में डेंगू का अधिक प्रकोप है।
लोग बोले: फॉगिंग के साथ सीवर व्यवस्था सही कराए विभाग
कबीर नगर निवासी मनोज, संदीप, करतार, हरेंद्र, साने, मुन्नी, सावित्री, किताबो आदि का कहना है कि उनके वार्ड में फॉगिंग तो हो रही है, लेकिन सीवर व्यवस्था ठप होने से दूषित पानी भरा हुआ है। प्रशासन को फॉगिंग के साथ पानी निकासी पर भी ध्यान देना चाहिए।
जिले में 120 हुई हाई रिस्क जोन की संख्या
डिप्टी सीएमओ एवं डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि जिले में डेंगू मरीज मिलने के साथ ही हाई रिस्क जोन बढ़ा दिए गए हैं। फिलहाल विभाग जिले में 120 हाई रिस्क जोन मान रहा है और इन क्षेत्रों में फॉगिंग कराई जा रही है।
- विभाग अब तक उठा चुका ये कदम
- 11.60 लाख घरों की विजिट की।
- लारवा मिलने पर 1400 लोगों को नोटिस दिए।
- जलभराव वाले स्थानों पर काला तेल डलवाया।
- 150 तालाबों में गंबूजिया मछली छुड़वाई।
- फॉगिंग के लिए नगर परिषद को दवा मुहैया कराई।
जिले में डेंगू मरीजों की संख्या इस सीजन में 78 पहुंच गई है। पिछले साल के मुकाबले इस साल सैंपलिंग ज्यादा हुई है और यह गत वर्ष के मुकाबले डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ने का मुख्य कारण है।
विज्ञापन

डॉ. गौरव भारद्वाज, डेंगू नोडल अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें