चरखी दादरी। जिले में डेंगू व मलेरिया संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को आठ लोग डेंगू और एक मलेरिया संक्रमित मरीज मिला है। वहीं, डेंगू पीड़ित एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है अभी ये पुष्टि नहीं है कि मौत डेंगू के कारण हुई है। डेथ ऑडिट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बता दें कि जिले में डेंगू और मलेरिया ने जुलाई माह में ही दस्तक दे दी थी। इसके बाद से लगातार डेंगू केस मिल रहे हैं। करीब एक माह बाद सोमवार को मलेरिया का तीसरा केस भी सामने आया है। पिछले तीन दिनों के आंकड़ों पर गौर करें तो डेंगू के 24 और मलेरिया का एक केस मिला है। इसके बाद डेंगू पीड़ितों की संख्या 49 और मलेरिया केस की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। दूसरी ओर, स्वास्थ्य विभाग के तमाम प्रयासों के बाद भी डेंगू के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं, रविवार शाम वार्ड-17 निवासी रणधीर की मौत हुई है। 49 वर्षीय रणधीर 18 अगस्त को डेंगू पॉजिटिव मिला था। बेटे दीपक ने बताया कि दो दिन उसके पिता शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे और 20 अगस्त को उन्हें रोहतक स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके वार्ड में लंबे समय तक गली में पानी भरा रहा, जिसके चलते काफी मच्छर हो गए। जलभराव को लेकर मृतक के परिजनों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी रोष जताया। वहीं, मृतक रणधीर के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को सिविल अस्पताल में करवाया गया। हालांकि डेथ ऑडिट के बाद ही पता चल सकेगा कि रणधीर की मौत डेंगू से हुई या किसी और कारण से।
शहर में 24 तो गांवों में मिले 25 केस
तीन दिन में डेंगू के 24 मामले सामने आने से संख्या एकाएक बढ़ गई है। तीन दिन पहले तक जहां शहर में गांवों के मुकाबले डेंगू मरीजों की संख्या ज्यादा थी तो अब ग्रामीण क्षेत्र शहर से आगे निकल गया है। सोमवार को आठ नए मामले सामने आए, जिनमें से 6 शहर में और दो गांव से हैं। इस सीजन में अब तक शहर में 24 और गांवों में 25 डेंगू मरीज मिले हैं। मलेरिया के दो केस मिले हैं।
इन गांवों में मिले डेंगू केस
गांवों की बात करें तो सांतौर, पिचोपा, कलियाणा, बधवाना और अचीना में एक, जबकि ढाणी फौगाट में दो केस मिले हैं। इनके अलावा बलकरा में 7, माईकलां में 2, मानकावास में 4, अचीना, हड़ौदी और इमलोटा में एक-एक केस पाया गया है। गुडाना और मंदोली में सोमवार डेंगू का पहला केस मिला है।
सोमवार को शहर के इन क्षेत्रों में मिले 6 केस
सोमवार को शहर के चार क्षेत्रों में डेंगू के 6 केस मिले हैं। पुराना झज्जर रोड पर दो, गीता भवन क्षेत्र में दो, कबीर नगर और चंपापुरी में एक-एक केस मिला है। इनके अलावा बाला वाला जोहड़ क्षेत्र में मलेरिया का एक केस पाया गया है।
पिछले चार सालों में जिले में यह रही है डेंगू व मलेरिया की स्थिति
वर्ष डेंगू मलेरिया
2020 138 2
2021 639 6
2022 364 2
2023 49 3
16 से 45 आयुवर्ग के 27 लोग बने शिकार
आयुवर्ग- मरीज
5 वर्ष तक-1
6 से 15 वर्ष-10
16 से 45 वर्ष- 27
45 वर्ष से अधिक -3
(नोट: इसमें सोमवार को मिले केस शामिल नहीं हैं।)
अभी ये स्पष्ट नहीं है कि रणधीर की मौत डेंगू से हुई या नहीं है। इसके लिए रिकॉर्ड मांगा है और डेथ ऑडिट के बाद ही कुछ कह पाऊंगा। इस सीजन में अब तक डेंगू के 49 और मलेरिया के 3 केस सामने आए हैं।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, नोडल अधिकारी, मलेरिया एवं डेंगू