चरखी दादरी। सरकार के निर्देश अनुसार जिले की मंडियों में रबी सीजन के लिए गेहूं खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में गेहूं की खरीद के लिए आठ और सरसों की खरीद के लिए चार सेंटर बनाए गए हैं। दादरी एसडीएम नवीन कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रबी सीजन 2023-24 के लिए गेहूं खरीद का कार्य हैफेड और खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा किया जाएगा। सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
एसडीएम ने बताया कि दादरी, बाढड़ा, झोझू, बधवाना, कादमा, बेरला, छपार व बौंद में गेहूं की खरीद होगी। बौंदकलां में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खाद्य एवं पूर्ति विभाग और मंगलवार, वीरवार व शनिवार को हैफेड किसानों से गेहूं खरीदेगा। दादरी नई अनाजमंडी में बुधवार व शनिवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और सोमवार, मंगलवार, वीरवार व शुक्रवार को हैफेड की ओर से गेहूं की खरीद की जाएगी।
एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि झोझूकलां में खाद्य एवं पूर्ति विभाग व बेरला, छपार, बधवाना और कादमा में हैफेड एजेंसी ही गेहूं की खरीद करेगी। फिलहाल जो भी किसान मंडी में पहले फसल लेकर आएगा, उसको खरीद लिया जाएगा। अभी कोई शेड्यूल नहीं बनाया गया है।
- हैफेड ने खरीदी 133 क्विंटल सरसों
एसडीएम ने बताया कि बताया कि सरसों के लिए दादरी, बाढड़ा, बौंद और झोझू चार खरीद केंद्र बने हुए हैं। हैफेड द्वारा सरसों 5450 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सरसों खरीदी जा रही है। अभी तक 133 क्विंटल सरसों की खरीद हैफेड कर चुकी है।