अन्य जिलों की तर्ज पर दादरी जिला स्वास्थ्य विभाग भी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट संबंधित व्यक्ति से साझा करने की नई प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसके तहत सैंपल देने वाले लोग एक एप के जरिये घर बैठकर ही अपनी रिपोर्ट देख सकेंगे। एप को शुरू करने का कार्य अंतिम चरण में है। नोडल अधिकारी के अनुसार अगले सप्ताह से एप पर ही कोरोना टेस्ट के सैंपलों की रिपोर्ट साझा की जाएगी। इसके बाद सैंपल देने वाले लोगों को सीएचसी या पीएचसी के अलावा सिविल अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था के तहत जिला स्तरीय एप लांच की जाएगी। इसमें जिन लोगों के सैंपल लिए गए हैं, उनकी एसआरएफ आईडी और अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी। सैंपल रिपोर्ट आते ही संबंधित के मोबाइल नंबर पर मैसेज पहुंच जाएगा। मैसेज में यह भी स्पष्ट होगा कि टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई या है निगेटिव।
ये है मौजूदा प्रक्रिया
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अब तक अगर कोई कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल देता था, तो उसे अस्पताल आकर रिपोर्ट की पुष्टि करनी पड़ती थी। संक्रमितों को तो रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी कोविड कंट्रोल रूम स्टाफ समय पर दे देता है, लेकिन जिनकी निगेटिव आती हैं उन्हें कई दिन बाद तक रिपोर्ट का पता चल पाता है। एप प्रणाली लागू होने के बाद रिपोर्ट का तुरंत पता चल जाएगा।
रिपोर्ट जानने 100 लोग पहुंचते हैं सिविल अस्पताल
विभागीय सूत्रों के अनुसार कोरोना टेस्ट सैंपल की रिपोर्ट जानने के लिए पीएचसी पर प्रतिदिन 10 लोग, सीएचसी पर 15 लोग और सिविल अस्पताल में करीब 100 लोग पहुंचते हैं। इस लिहाज से इनकी संख्या 300 से अधिक होती है। एप पर रिपोर्ट डालने के बाद अस्पताल स्टाफ के कांटेक्ट में आने का झंझट खत्म हो जाएगा तो वहीं स्वास्थ्य विभाग के पास मैन पावर की भी बचत होगी।
एप के जरिये रिपोर्ट सांझा करने की प्रक्रिया अगले सप्ताह से हम शुरू कर देंगे। इसके लोगों के अलावा विभाग को भी फायदा मिलेगा।
चंचल तोमर, कोरोना नोडल ऑफिसर