विधायक सुनील सांगवान।
सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निदेशक को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी हलके से विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि दादरी में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की शाखा खुलेगी। सीएम के निर्देशों पर सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निदेशक को दादरी में शाखा खोलने के बारे में निर्देश दे दिए गए हैं।
विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा के चरखी दादरी सहित कुछ जिलों में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की शाखा खोलने के आदेश जारी हुए थे। चरखी दादरी की शाखा को भिवानी शिफ्ट कर दिया गया था। विधायक ने बताया कि ब्यूरो की शाखा को वापस चरखी दादरी में शिफ्ट करने को लेकर उन्होंने पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की थी।
विधायक ने कहा कि उनका नशामुक्त दादरी, बेटा बचाओ-बेटी पढ़ाओ दादरी का सपना है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की शाखा खुलने के बाद दादरी में नशा मुक्ति के साथ-साथ बेटियों की सुरक्षा भी हो सकेगी। विधायक ने बताया कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से दादरी में शाखा खोलने के लिए विभाग की टीम ने अगली प्रक्रिया शुरू कर दी है। आशा है कि आगामी दिनों में शाखा खुल जाएगी।